14 वां राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव

प्यार नहीं है सुर से जिसको…

सूफी और बॉलीवुड सिंगर पद्मश्री हंस राज हंस ने बांधा समां

बीकानेर। राजगायक पद्मश्री हंसराज हंस ने डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जब सूफी तराने छेड़े, उनके अलाप भरे, क्लासिल पुट लगाए तो हजारों श्रोता की रूह बाग-बाग हो गई। हर संगीत प्रेमी झूम उठा, डूब गया हंस के आलापों में, सुरों में, गानों की धमक में, दिल छूने वाली दिलकश पेशकश में। उन्होंने महफिल का आगाज राग मालकोस की बंदिश प्यार नहीं है सुर से जिसको… से किया। उन्होंने गजल गायक जगजीत सिंह को उनकी गजल ‘गरज बरस प्यासी धरती को फिर पानी दे मौला’ गाकर स्वरांजली दी। इसके बाद एक से एक उम्दा पेशकश का दौर चला।हंस ने अभी इश्क दी गली विच्चों कोई कोई लगदां… गाना शुरू ही नहीं किया था कि धुन छिड़ते ही श्रोता समझ गए कौन सा गाना है, और लगे झूमने। जब गाना शुरू हुआ तो कोई संगीत प्रेमी ऐसा नहीं था, जो न झूमा हो।
यह आलम तब नहीं रहा जब ऐ जो सिली सिली ओंदी है हवा… गाना शुरू होते ही श्रोता उसके बोलों, धुन और हंस की आवाज के जादू में खो से गए और निशब्द से पूरा गाना सुना, खूब तालियां बजाईं, जमकर दाद दी।
दिल टोटे-टोटे हो गया… तराने के शुरू से अंत तक तमाम शामियान खूब झूमे, खूब सुर में सुर मिलाए। ऐसा लगा मानो सूफी गायक हंस ने तमाम श्रोताओं के दिल की तमन्ना यह गाना गाकर पूरी कर दी।
पूरे प्रोग्राम के दौरान जब दर्शकों से हंस के गानों के बारे में पूछा तो लगा कि हंस ने शायद ही कोई ऐसा गाना गाया है, जो सुपर-डुपर हिट नहीं हुआ हो। उन्होंने नित खैर मंगा सोणिया मैं तेरी… में तो तमाम कला प्रेमियों को हर लफ्ज, हर तान, हर लय के साथ सुर मिलाने और झूमने पर मजबूर कर दिया।
इससे भी ज्यादा एक्साइटमेंट तो तब देखने को मिला जब सुपर सिंगर हंस ने अपने एक और सुपरहिट सॉन्ग दिल चोरी साड्डा हो गया… ओए कि करिए… कि करिए… गाकर हर मौजूद शख्स का दिल जीत लिया। उन्होंने सूफी कलाम ‘सुनो महाराजा जगत के वाली’ और ‘छाप तिलक…’ पेश कर श्रोताओं की रूह तक को छू लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त सचिव अमिता प्रसाद सरभाई, वेस्ट जोन कल्चरल केंद्र की निदेशक किरण सोनी गुप्ता, बीएसएफ के महानिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, संभागीय आयुक्त डॉ नीरज के पवन, जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल, जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, अतिरिक्त निदेशक, माध्यमिक शिक्षा श्रीमती रचना भाटिया, भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष विजय आचार्य, कांग्रेस के प्रदेश सचिव जिया उर रहमान, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, गुमान सिंह राजपुरोहित, अखिलेश प्रताप सिंह, मोहन सुराणा, अविनाश जोशी, अशोक प्रजापत, समाज सेवी रामरतन धारणिया, जुगल राठी, जयकिशन रामावत, इंग्लिश गुरु किशोर सर, संस्कृति धर्मी ज्योति प्रकाश रंगा, नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट के उपाध्यक्ष भवानीशंकर जोशी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन संजय पुरोहित ने किया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version