Home Uncategorized प्राईवेट स्कूल्स के 09 संगठनों ने एक जाजम पर आने की सहर्ष...

प्राईवेट स्कूल्स के 09 संगठनों ने एक जाजम पर आने की सहर्ष सहमति दी

0

सामूहिक संघर्ष ही है समाधान का रास्ता

जयपुर। जयपुर के पांच्यावाला स्थित खंडेलवाल रेस्टोरेंट के सभागार में 18 मार्च 2023 को दोपहर 2:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक स्वयंसेवी शिक्षण संस्थान संरक्षण समिति, जयपुर द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। प्राईवेट स्कूल्स की विभिन्न गंभीर समस्याओं के समाधान के लिए सभी संगठनों को एक जाजम पर आकर संयुक्त रूप से काम करने की आवश्यकता पर इस समारोह में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त किए।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसाइटी, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षाविद डॉ. महेंद्र कर्णावट (राजसमंद) ने विभिन्न उदाहरणों से सांगठनिक शक्ति का बल स्पष्ट किया और कहा कि बिना सांगठनिक शक्ति के कोई भी सरकार हमारे दर्द का उपचार नहीं कर सकती। उन्होंने अपने संबोधन में सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं के बीच सरकारी भेदभाव को उजागर करते हुए कहा कि सरकारी एवं निजी विद्यालयों में समान आचार संहिता लागू करवाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि यह यह विभेद नहीं मिटा तो हमारे संगठनों का भी कोई औचित्य नहीं है। इसलिये हमें पूरी योजना के साथ सामूहिक रूप से एक जुट होकर संघर्ष का शीघ्र ही बिगुल बजाना होगा। डॉ. कर्णावट ने उपस्थित सभी संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा कि इस संबंध में गहरे मंथन और विशद चिंतन की महती आवश्यकता है। बिना व्यापक चिंतन मनन किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता है। इसलिए शीघ्र ही दो दिवसीय चिंतन कार्यक्रम का आयोजन किया जाना अत्यावश्यक है। उन्होंने इस दो दिवसीय कार्यक्रम को राजसमंद की मेजबानी में करने का अनुरोध भी किया।

प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा), के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल (बीकानेर) ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व में भी सभी संगठनों द्वारा सामूहिक हितों के लिए एक जाजम पर काम करने की कोशिशें हो चुकी हैं और कुछ हद तक सफलताएं भी मिलीं लेकिन ये कोशिशें कारगर नहीं हो सकी। मैं शुभकामनाओं के साथ आश्वस्त करता हूँ कि हमारी संस्था प्राईवेट शिक्षण संस्थाओं के हितों हेतु हर संभव प्रयास में सदैव साथ रही है और रहेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास रचनात्मक तरीके से करने होंगे। सभी संगठनों के पदाधिकारियों को व्यक्तिगत स्वार्थ त्यागकर इस तरह के आयाम को मूर्त करने में सहभागी बनना होगा, तभी ये सार्थक परिकल्पना साकार हो सकेगी। खैरीवाल ने समुपस्थित संभागियों को होली की शुभकामनाएं अर्पित करते हुए कहा कि वे लंबे अर्से से एक जाजम की प्रस्तावना को सजीव करने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने सभी संगठनों की सामूहिक संघर्ष समिति के गठन के सुझाव पर सहमति जताते हुए इसके गठन के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव इस दौरान प्रस्तुत किए तथा कहा कि हमें पूर्व के असफल प्रयासों से सबक लेते हुए जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहिए और कम से कम एक और सामूहिक मिटिंग का आयोजन कर सामूहिक संघर्ष समिति का गठन करना चाहिए।

इस अवसर पर स्कूल वेलफेअर एसोसिएशन, (स्वराज) के प्रदेश अध्यक्ष हरभान सिंह कुंतल (भरतपुर), रिकॉक्नाइज्ड स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट संजय शर्मा (कोटा), स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश सचिव सीमा शर्मा (जयपुर), राजस्थान प्राईवेट एज्यूकेशन महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश शर्मा (अजमेर), प्रोग्रेसिव स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेश शर्मा (जयपुर), गैर सरकारी स्कूल एवं जनकल्याण संस्थान के अध्यक्ष जितेन्द्र अरोड़ा ने भी संबोधित करते हुए सामूहिकता एकता के सार्थक प्रयास में सथासंभव सहयोग हेतु विश्वास दिया तथा अपने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। स्वयंसेवी शिक्षण संस्थान संरक्षण समिति के अध्यक्ष भूपराम शर्मा (जयपुर) ने समारोह के संयोजक के रूप में सुझाव दिया कि सभी संगठनों द्वारा सामूहिक हितों के लिए एक जाजम पर आकर संघर्ष करने से ही प्राईवेट शिक्षण संस्थानों की समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान के विभिन्न जिलों से राज्य स्तरीय संगठनों के पदाधिकारियों ने प्राईवेट स्कूल्स की एकता को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से यहां आकर “संघे शक्ति कलयुगे” को सार्थक किया है। इस अवसर पर एडवोकेट शैलेषनाथ सिंह (जयपुर), रतन सिंह पिलानिया (सीकर), विनेश शर्मा (नागौर), रितिका राठौड़ (जयपुर), अनूपसिंह राठौड़ (जयपुर) इत्यादि ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में गुड़ा (कोलायत, बीकानेर) से जयपाल सिंह भाटी, राजसमंद से मुकेश वैष्णव, भीलवाड़ा से सुनील बांगड़, ब्यावर से कुलदीप सिंह राठौड़ व अजमत काठात, अजमेर से लालचंद यादव व भूपेंद्र सिंह, जयपुर से मनोज कुमार शर्मा ‘अमन’ इत्यादि सहित जयपुर के अनेक शिक्षण संस्थानों के संचालक व डायरेक्टर भी उपस्थित थे। स्वयंसेवी शिक्षण संस्थान संरक्षण समिति के पदाधिकारियों मनोज शर्मा, भारती शर्मा, जसवंत सिंह यादव इत्यादि द्वारा समारोह में सक्रिय सहयोग किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version