शिक्षामंत्री डॉ. कल्ला के बाद निदेशक अग्रवाल ने भी एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन हेतु दी सिद्धांततः सहमति

निदेशक के साथ स्कूल क्रांति संघ के प्रतिनिधियों की हुई वार्ता रही सार्थक

जयपुर। आरटीई के अंतर्गत वर्तमान सत्र 2023-24 में केवल एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन के संबंध में शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला के बाद निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा गौरव अग्रवाल ने भी सिद्धांततः सहमति प्रकट की है। निदेशक गौरव अग्रवाल ने 20 अप्रैल 2023 को शिक्षा संकुल में स्कूल क्रांति संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में यह सहमति प्रदान की। उल्लेखनीय है कि शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने 17 अप्रैल 2023 को ही इस संबंध में सहमति दे दी थी। स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा के मुताबिक वार्ता बहुत सकारात्मक और सार्थक रही। उन्होंने बताया कि इस दौरान निदेशक श्री अग्रवाल के साथ लगभग पौन घंटे आरटीई के अंतर्गत मुख्य समस्याओं पर गहन मंथन हुआ। उन्होंने बताया कि निदेशक श्री अग्रवाल ने उपस्थित सभी साथियों के साथ बहुत सहजता से संवाद किया। प्रत्येक प्रतिनिधि की बात गंभीरता से सुनी। भूपेंद्र राजावत और निखिल शर्मा ने प्रभावी तरीके से आरटीई संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव दिए और हेल्दी डिस्कशन किया। सौहार्द व गरिमामयी वातावरण में संपन्न इस वार्ता के परिणाम आगामी तीन चार दिन में आने की पूरी उम्मीद है। सुश्री शर्मा ने शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. कल्ला के निर्देश से ही डायरेक्टर सर के साथ वार्ता संभव हो सकी है। हेमलता शर्मा के अलावा अमित सोगानी (वारेन एकेडमी), मृदुल सिसोदिया (फ्रेम इंटरनेशनल स्कूल), ऊषा शर्मा (एस आर एन स्कूल), ऋषभ गोदिका (एशियन वर्ल्ड स्कूल), भूपेंद्र राजावत (माई अॉवन स्कूल), निखिल शर्मा (केनवर्डस स्कूल), मुकुल गोयल (एस एम एस स्कूल), धरती भारद्वाज (आक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल) इत्यादि इस दौरान उपस्थित रहे।

19 को होने वाली वार्ता 20 को हो सकी

17 अप्रैल 2023 को ही शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने निदेशक गौरव अग्रवाल से चर्चा कर 19 अप्रैल 2023 की तारीख इस वार्ता के लिए निर्धारित कर दी थी। निदेशक जयपुर पहुंच भी गए थे, लेकिन 19 अप्रैल को वार्ता नहीं हो सकी। उसके बाद 20 अप्रैल 2023 को सुबह 9 बजे सूचना मिली कि वार्ता शिक्षा संकुल में सुबह 11 बजे आयोजित होगी लेकिन अपरिहार्य कारणों से सुबह वार्ता नहीं हो सकी हालांकि स्कूल क्रांति संघ की 15 जनों की टीम शिक्षा संकुल पहुंच गयी थी। 11:30 बजे सूचना आई कि वार्ता का समय 3 बजे बाद रखा जाएगा। लगभग 4 बजे वार्ता शुरू हुई जो लगभग 45 मिनिट तक चली।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version