Home Uncategorized आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर असमंजस

आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर असमंजस

0

आरटीई के अंतर्गत 20 अप्रैल 2023 को निकलने वाली लॉटरी स्थगित

क्या दुबारा जारी होगी प्रवेश प्रक्रिया

स्कूल क्रांति संघ एवं पैपा ने शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला का जताया आभार

बीकानेर। आरटीई के अंतर्गत 20 अप्रैल 2023 को निकलने वाली लॉटरी स्थगित कर दी गई है। इस संबंध में अतिरिक्त निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) अशोक कुमार मीणा द्वारा 18 अप्रैल 2023 को आदेश प्रसारित किया गया है। इस आदेश में राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, शिक्षा संकुल, जयपुर के राज्य परियोजना निदेशक को 20 अप्रैल 2023 को आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 के प्रवेश हेतु निकलने वाली लॉटरी स्थगित करने हेतु निर्देशित किया गया है। इस आदेश में सत्र 2023-24 की आरटीई की संशोधित प्रवेश प्रक्रिया, दिशा निर्देश एवं टाईम फ्रेम शीघ्र ही जारी किए जाने की बात कही गई है। इस आदेश के जारी होने के बाद प्राईवेट स्कूल्स के संचालकों में ऊहापोह की स्थिति हो गयी है। वे कन्फ्यूज हो गए हैं कि क्या पूरी प्रक्रिया को दुबारा बनाया जाएगा या किन्हीं अपरिहार्य कारणों से ऐसा किया गया है। ज्ञानायाम को अपने विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सत्र 2023-24 में केवल एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन की व्यवस्था लागू करने के लिए ही 20 अप्रैल 2023 को निकलने वाली लॉटरी स्थगित की गयी है। संशोधित दिशा निर्देश व प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही संशोधित टाईम फ्रेम हेतु आगामी एक दो दिन में ही शिक्षा विभाग आवश्यक कार्यवाही संपादित कर लेगा।


उल्लेखनीय है कि सत्र 2023-24 में आरटीई के अंतर्गत चार कक्षाओं में प्रवेश देने की प्रक्रिया का पुरजोर विरोध करते हुए राज्य के प्राईवेट स्कूल्स के दो संगठनों स्कूल क्रांति संघ एवं पैपा ( प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस) ने शिक्षा मंत्री डॉ बी डी कल्ला से लगातार संपर्क व मुलाकातें कीं, उन्हें मांग पत्र सौंपे। इस गंभीर मुद्दे पर शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला ने दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ 17 अप्रैल 2023 को अपने निवास स्थान पर वार्ता हेतु आमंत्रित कर आश्वस्त किया था कि वे पूर्व की भांति केवल एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन की व्यवस्था लागू करने की पूरी पूरी कोशिश करेंगे। डॉ. कल्ला ने उसी वक्त निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा गौरव अग्रवाल को कॉल कर इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु कहा था। इस आदेश के जारी होने के बाद स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा एवं पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने इस गंभीर मसले का समाधान कर प्राईवेट स्कूल्स को बड़ी राहत प्रदान की है। हमें उम्मीद है कि शीघ्र ही इस संबंध पूरे स्पष्ट आदेश व गाइडलाइंस जारी कर शिक्षण संस्थानों के संचालकों के असमंजस को दूर किया जाएगा।गौरतलब है कि इस संबंध में 17 अप्रैल 2023 को ज्ञानायाम ने पूरी जानकारी अपने पोर्टल के माध्यम से प्रसारित की थी। इससे पहले ज्ञानायाम ने ही चार कक्षाओं में प्रवेश देने की प्रक्रिया का विरोध करने की जानकारी भी प्रस्तुत की थी। हजारों पाठकों ने दोनों जानकारियों को एप्रीसिएट किया है, इसलिए ज्ञानायाम उनके प्रति आभारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version