Blog

  • कोचिंग संस्थानों को इन मानकों की सख्ती से करनी होगी पालना, एडीएम रतनू ने जारी किए निर्देश

    बीकानेर, 29 अगस्त। पिछले दिनों जिला कलेक्टर नमृता वृष्णि की पहल पर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कोचिंग संस्थानों की हुई मिटिंग में कई अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां दी गयी थी। उसी क्रम में गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) उम्मेद सिंह रतनू ने जिले में संचालित कोचिंग सेंटर्स को विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न सूचनाएं एवं जानकारियां मांगी है। रतनू ने बताया कि कोचिंग संस्थानों के डायरेक्टर्स द्वारा कोचिंग संस्थानों के भवन की मंजिल संख्या, विद्यार्थियों और स्टाफ के अनुपातिक संख्या, फायर सेफ्टी की स्थिति, बेसमेंट में सुरक्षा के साधन आदि के संबंध में समस्त व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति से अवगत करवाना होगा। साथ ही उन्होने निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोचिंग संस्थानों में दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए।

  • पांचवी आठवीं बोर्ड पूरक परीक्षा परिणाम घोषित

    बीकानेर। पांचवीं और आठवीं बोर्ड की पूरक परीक्षा का परिणाम निम्न लिंक देखा जा सकता है।

    https://rajshaladarpan.nic.in/Class5th_8thExam/Home/SuppResultClassVth_VIIIth.aspx

  • 5 जिलों के जिला कलेक्टर ने 21 अगस्त को स्कूल्स व कोचिंग संस्थानों में छुट्टी के लिए दिए निर्देश

    5 जिलों के जिला कलेक्टर ने 21 अगस्त को स्कूल्स व कोचिंग संस्थानों में छुट्टी के लिए दिए निर्देश

    बीकानेर के प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर अफवाहें नहीं फैलाने और बंद को शान्ति पूर्ण रूप से आयोजित करने हेतु अपील की

    जयपुर। जयपुर, कोटा, सवाईमाधोपुर, भरतपुर एवं डीग जिलों में 21 अगस्त 2024 जिलों की स्कूल्स व कोचिंग संस्थानों में एहतियातन अवकाश की घोषणा की है। जयपुर जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने आपदा प्रबंधन हेतु एहतियातन बुधवार, 21 अगस्त को जयपुर में सभी प्रकार के स्कूल्स व कोचिंग संस्थानों में अवकाश की घोषणा कर दी है। जिला कलेक्टर जयपुर द्वारा जारी किए गए आदेश के में बताया गया है कि यह अवकाश एहतियातन अनुरोध के आधार पर किया गया है लेकिन पत्र में इस बात का कोई हवाला नहीं दिया गया है कि अनुरोध किसने किया है। उधर बीकानेर के संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी, आई जी ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर नमृता वृष्णि तथा पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस प्रेस वार्ता में संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी ने कहा कि बुधवार को देशव्यापी भारत बंद को लेकर किसी प्रकार की अपवाहों पर विश्वास ने करें। न ही सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की अपवाह फैलाएं और न ही किसी बात को लेकर गलत टिप्पणी करें। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान स्कूल,कॉलेज,कोचिंग में किसी प्रकार की कोई छुट्टी नहीं रहेगी। साथ न ही आपातकालीन सेवाओं को बाधित किया जाएगा। उनकी बंद करवाने वालें संगठनों से बातचीत हुई है। जिन्होंने आश्वस्त किया है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हुए बंद का समर्थन कर रहे हैँ। बंद के दौरान किसी को परेशान करना उनका उद्देश्य नहीं है। इसको लेकर प्रशासन व पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। आईजी ओमप्रकाश ने कहा कि चप्पे चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सभी पुलिसकर्मियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। उपद्रव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कोई ऐसा करता है तो कानूनन उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। आईजी ने कहा कि जिलेवासियों की भी जिम्मेदारी है कि वे धैर्य बनाएं रखे। न तो किसी से अनर्गल बहस करें और न ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत जानकारी दें। बीकानेर की गंगा जमुनी संस्कृति को बनाएं रखने में अपनी अहम भूमिका निभाएं ताकि बीकानेर देश के लिए मिशाल कायम कर सकें। किसी भी स्थिति में हिंसा नहीं करने दी जाएगी। अगर कोई हिंसा फैलाने का प्रयास करेगा उससे सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस के पास माकूल बल है। एसपी तेजस्वनी गौतम ने कहा कि इन्टेलिजेन्सी टीम का पूरा ध्यान केन्द्रीत है। शहर के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे। एसपी ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति की सोशल मीडिया की पोस्ट पर निगरानी रखी जा रही है। जिला कलक्टर नम्रता ने कहा कि अनेक संगठनों की ओर से आज ज्ञापन देकर बंद को समर्थन नहीं दिया है। इसमें व्यापारिक संगठन व सामाजिक संगठन शामिल है।बंद को लेकर इंटरनेट भी बंद नहीं किया जाएगा और शैक्षणिक संस्थाओं में भी किसी प्रकार का कोई अवकाश नहीं होगा।

  • 16 अगस्त को भारी बारिश की संभावना; विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, मदरसों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश

    बीकानेर। भारी बारिश की आशंका तथा जगह जगह जल भराव की संभावना को देखते हुए शुक्रवार, 16 अगस्त को बीकानेर जिले में अवकाश की घोषणा की गयी है। सभी सरकारी व गैरसरकारी शिक्षण संस्थाओं, मदरसों, कोचिंग संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में यह अवकाश रहेगा। गुरुवार को शाम को हुई भारी बारिश के चलते एहतियात के तौर पर जिला कलेक्टर नमृता वृष्णि छुट्टी की घोषणा की है। खबर लिखे जाने तक डीईओ माध्यमिक शिक्षा द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। डीईओ गजानंद सेवग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। यह अवकाश शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक स्टाफ के लिए लागू नहीं है। उन्हें अपने यथा समय स्कूल्स जाना होगा।

  • डॉ. नमामि शंकर आचार्य होंगे संपादक, शंकर सिंह को मिला उप संपादक का दायित्व

    डॉ. नमामि शंकर आचार्य होंगे संपादक, शंकर सिंह को मिला उप संपादक का दायित्व


    बीकानेर, 13 अगस्त। राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी बीकानेर द्वारा प्रकाशित राजस्थानी भाषा की मुख पत्रिका जागती जोत के आगामी अंक से संपादन कार्य साहित्यकार एवं शिक्षाविद डॉ. नमामी शंकर आचार्य करेंगे तथा उप संपादक साहित्यकार शंकर सिंह राजपुरोहित होंगे।

    अकादमी सचिव शरद केवलिया ने बताया कि अकादमी अध्यक्ष एवं संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी के निर्देशानुसार दोनों विद्वानों को ये जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। उल्लेखनीय है कि डॉ. आचार्य एवं राजपुरोहित राजस्थानी भाषा के संवर्द्धन व संरक्षण हेतु लंबे समय से समर्पित भाव से लगे हुए हैं। डॉ. आचार्य राजस्थानी के श्रेष्ठतम शिक्षकों में अग्रणी हस्ताक्षर हैं तो राजपुरोहित एक सशक्त हास्य कवि के रूप में जाने जाते हैं।

    जागती जोत के माध्यम से राजस्थानी भाषा – साहित्य एवं संस्कृति का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है। डॉ. आचार्य एवं राजपुरोहित की उक्त नियुक्ति पर राजस्थानी भाषा के साहित्यकारों व समर्थकों ने प्रसन्नता प्रकट करते हुए दोंनो को शुभकामनाएं दीं हैं। डॉ. आचार्य ने बताया कि जागती जोत में साहित्यकारों द्वारा अपनी मौलिक, अप्रकाशित एवं अप्रसारित रचनाऐं ई-मेल editorjagtijot@gmail.com पर प्रकाशनार्थ भिजवाईं जा सकती हैं।

  • स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में राजस्थान के 6 विद्यार्थी एवं 6 शिक्षक होंगे विशिष्ट अतिथि

    स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में राजस्थान के 6 विद्यार्थी एवं 6 शिक्षक होंगे विशिष्ट अतिथि

    शासन सचिव, शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक ने तिरंगा प्रदान कर दल को किया रवाना

    जयपुर/बीकानेर, 13 अगस्त। भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा देशभर के पीएम श्री विद्यालयों के 100 बच्चों को उनके अभिभावकों व अध्यापकों के साथ लाल किले पर आयोजित होने वाले ‘स्वतंत्रता दिवस समारोह‘ का साक्षी बनने के लिए बतौर ‘विशिष्ट अतिथि‘ आमंत्रित किया गया है।

    शिक्षा मंत्रालय के निर्देशानुसार समारोह में भाग लेने के लिए राज्य से 6 विद्यार्थियों व 6 शिक्षकों के दल को मंगलवार को स्कूल शिक्षा के शासन सचिव कृष्ण कुणाल तथा राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त अविचल चतुर्वेदी ने दल के प्रत्येक सदस्य को तिरंगा झण्डा प्रदान कर शिक्षा संकुल से रवाना किया।


    इस अवसर पर श्री कुणाल तथा श्री चतुर्वेदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रीय समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए दल के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दल के सदस्य भारत के स्वतंत्रता प्राप्ति की यात्रा और इसके महत्व को अद्वितीय दृष्टिकोण से जान पाएंगे। इसमें विद्यार्थी न केवल भारत के इतिहास और विरासत के ज्ञान से समृद्व होंगे बल्कि उनमें राष्ट्रीय पहचान और गौरव की भावना मजबूत होगी।
    राज्य का दल राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद् की सहायक निदेशक डॉ नीरू पोटलिया के नेतृत्व में 14 व 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होगा। दल में पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, छावनी रोड़, जवाजा, ब्यावर से छात्रा हर्षिता चौधरी एवं शिक्षिका सविता शर्मा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बल्दू, लाडनूं, डीडवाना-कुचामन से छात्र बजरंग लाल मेघवाल एवं शिक्षक अशोक कुमार पूनिया, पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गणगौरी बाजार, जयपुर से छात्रा तनिषा मीना, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, तिजारा, खैरथल से छात्रा अनुप्रिया एवं शिक्षिका अंजू अरोड़ा, राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, शेखसर बास खोडाला, लूणकरणसर, बीकानेर से छात्र महिपाल एवं शिक्षक गोविन्द गोस्वामी तथा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जुल्मी, खैराबाद, कोटा से छात्र विनय कुमार मकवाना एवं शिक्षक वेदप्रकाश बैरवा शामिल हैं।

  • 3 हजार विद्यार्थियों के जोश और जूनून से केंद्रीय मंत्री हुए अभिभूत

    3 हजार विद्यार्थियों के जोश और जूनून से केंद्रीय मंत्री हुए अभिभूत

    हर घर तिरंगा अभियान को लेकर केंद्रीय मंत्री मेघवाल के आतिथ्य में हुआ बाफना अकादमी में आयोजन

    बीकानेर, 12 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को सेठ तोलाराम बाफना अकादमी में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 3 हजार से अधिक विद्यार्थियों के साथ तिरंगा लहरा कर राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रबल किया। इस दौरान स्टूडेंट्स के जोश – जज्बे और जूनून को देखकर केंद्रीय मंत्री अभिभूत हो गए। श्री मेघवाल ने शाला परिसर में ध्वजारारोहण करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की और राष्ट्र ध्वज के महत्व पर प्रकाश डाला।

    इस अवसर पर श्री मेघवाल ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के असंख्य देशभक्तों ने अपना सर्वस्व बलिदान किया। ऐसे देशभक्तों के प्रति प्रत्येक भारतीय को कृतज्ञ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा की ‘हर घर तिरंगा’ देशभक्ति से ओतप्रोत अभियान है। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को तिरंगा दिया गया।

    कार्यक्रम में नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, पवन महनोत और रमेश भाटी सहित अन्य जन मौजूद रहे। स्कूल के सीईओ और प्रिंसिपल डॉ. पीएस वोहरा ने केंद्रीय कानून मंत्री श्री मेघवाल और सभी अतिथियों का आभार जताया।

  • जिला कलेक्टर ने कोचिंग संस्थानों के संचालकों की ली क्लास

    जिला कलेक्टर ने कोचिंग संस्थानों के संचालकों की ली क्लास

    कोचिंग संस्थानों के डायरेक्टर्स के साथ की मिटिंग

    प्रत्येक कोचिंग की नगर निगम फायर सेफ्टी एवं बीकेईएसएल वायरिंग की करेंगे जांच

    गैर शैक्षणिक स्टाफ का वेरीफिकेशन अनिवार्य होगा,

    कोचिंग संस्थानों में काउंसलर की नियुक्ति जरूरी

    बीकानेर, 12 अगस्त। कोचिंग संस्थानों में भी प्राईवेट स्कूल्स की तरह ही नियम कायदे लागू किए जाने को लेकर बीकानेर जिला कलेक्टर नमृता वृष्णि ने 12 अगस्त को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर के कोचिंग संस्थानों के डायरेक्टर्स के साथ मिटिंग कर निर्देश दिए। इस मिटिंग में कोचिंग संस्थानों के डायरेक्टर्स एवं प्रतिनिधियों को कलेक्टर वृष्णि ने कहा कि प्रत्येक कोचिंग संस्थान में सभी सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित की जाए। कोचिंग्स में फायर सेफ्टी प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। उन्होंने नगर निगम उपायुक्त को इसकी पालना के लिए निर्देशित किया। कोचिंग्स में पेयजल, प्रोपर निकास, शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने बीकेईएसएल को निर्देशित किया कि कोचिंग्स में वायरिंग की जांच करें। कोचिंग्स में नियुक्त गैर शैक्षणिक स्टाफ का वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कोचिंग्स में काउसंलर नियुक्त किए जाएं तथा यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों की आवश्यकता अनुसार काउंसलिंग की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेंटल हैल्थ सबसे जरूरी है। कलक्टर ने कहा कि कोचिंग के स्टूडेंट्स को वार त्योहार पर अवकाश देना चाहिए। कोचिंग में आवागमन सुगम होना चाहिए।

    बैठक में पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन लाल, एडीएम प्रशासन डाॅ. दूलीचंद मीना, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) उम्मेद सिंह रतनू, नगर विकास न्यास के सचिव मुकेश बाहरठ, नगर निगम के उपायुक्त अर्पिता सोनी, उपखण्ड अधिकारी कविता गोदारा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. महेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

  • भारी बारिश व जल भराव की आशंका : 12 अगस्त को रहेगा अवकाश

    भारी बारिश व जल भराव की आशंका : 12 अगस्त को रहेगा अवकाश

    जयपुर जिला कलक्टर ने दिए आदेश

    सीडीईओ ने कक्षा 1 से 12 तक छुट्टी हेतु जारी किए निर्देश

    जयपुर। भारी बारिश की आशंका तथा जगह जगह जल भराव की संभावना को देखते हुए सोमवार, 12 अगस्त को जयपुर में
    सरकारी और गैर सरकारी स्कूल्स में जिला कलेक्टर ने अवकाश की घोषणा की है। इस संबंध में जयपुर के जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने जयपुर के शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। निर्देश मिलने के बाद जयपुर की मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मंजू शर्मा ने जयपुर जिले की कक्षा 1 से 12 तक के लिए शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में छुट्टी के निर्देश जारी कर दिए हैं।

  • स्टूडेंट्स के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु टाटा मोटर्स ने शुरू की दो फंडिंग पहल

    स्टूडेंट्स के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु टाटा मोटर्स ने शुरू की दो फंडिंग पहल

    वित्तीय सहायता के अवसर देंगे विद्याधन और उत्कर्ष फंडिंग कार्यक्रम

    मुंबई, 11 अगस्त। टाटा मोटर्स ने अपने तकनीशियनों के बच्चों की शिक्षा हेतु दो नई फंडिंग पहल शुरू की हैं। ये दोनों पहल सुनिश्चित करती हैं कि टाटा मोटर्स के तकनीशियनों के बच्चे वित्तीय बाधाओं के बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। विद्याधन और उत्कर्ष नामक इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्कूल और उच्च शिक्षा दोनों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है। विद्याधन कार्यक्रम स्कूल स्तर की शिक्षा के खर्चों में सहायता के लिए बनाया गया है। इसमें ट्यूशन फीस, किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षिक सामग्री शामिल हैं।


    उत्कर्ष कार्यक्रम उच्च शिक्षा के वित्तपोषण पर केंद्रित है। यह महाविद्यालयी और विश्वविद्यालयी शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति और वित्तीय सहायता प्रदान करता है, जिसमें ट्यूशन फीस, आवास और अन्य संबंधित लागतें शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य इन छात्रों को उच्च शिक्षा और व्यावसायिक पाठ्यक्रम करने में सक्षम बनाना है ताकि उनके लिए करियर के अवसर बढ़ सकें।

  • इसरो देगा 5 दिन की फ्री ट्रेनिंग

    इसरो देगा 5 दिन की फ्री ट्रेनिंग

    19 से 24 अगस्त तक होगा निशुल्क आनलाइन पाठ्यक्रम

    नई दिल्ली, 11 अगस्त। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने विद्यार्थियों को मशीन लर्निंग (एमएल) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के मूल सिद्धांतों से परिचित कराने के लिए 19 से 23 अगस्त तक पांच दिवसीय निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रम प्रदान करने की घोषणा की है। जिसके अंतर्गत IIRS-ISRO ई-क्लास प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से विभिन्न प्रकार की पाठ्यक्रम अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

    अध्ययन सामग्री में व्याख्यान स्लाइड, व्याख्यान वीडियो, ओपन-सोर्स सॉफ़्टवेयर और प्रदर्शन हैंडआउट शामिल हैं। वीडियो व्याख्यान ई-क्लास पर पोस्ट किए जाएंगे। जो पेशेवर एआई, एमएल और डीप लर्निंग (डीएल) के बारे में अधिक जानना चाहते हैं, खासकर भू-स्थानिक अनुप्रयोगों के संबंध में, उन्हें यह पाठ्यक्रम जरूर अटेंड करना चाहिए।

    यह पाठ्यक्रम IIRS के आउटरीच कार्यक्रम का एक घटक है, जो अंतरिक्ष उद्योग और उससे परे नवाचार को बढ़ावा देने का प्रयास करता है। इस निशुल्क पाठ्यक्रम के लिए सीट्स की संख्या सीमित है तथा पहले आओ पहले पाओ के आधार पर भरी जाएंगी।

  • संशोधित कोचिंग एक्ट ड्राफ्ट हेतु विभिन्न संगठनों ने उच्चाधिकारियों से की मुलाकात

    संशोधित कोचिंग एक्ट ड्राफ्ट हेतु विभिन्न संगठनों ने उच्चाधिकारियों से की मुलाकात

    सौंपा आठ सूत्री सुझाव पत्र

    जयपुर, 5 अगस्त। राजस्थान सरकार द्वारा कोचिंग संस्थानों को कंट्रोल एवं रेग्युलेट करने हेतु संशोधित ड्राफ्ट बिल के लिए बीकानेर में सार्थक संगत में चुनी गई समिति के सदस्यों ने सोमवार को जयपुर में सुझाव पत्र उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को सौंपे।

    उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा कोचिंग संस्थानों को नियंत्रित एवं नियमित करने हेतु जारी गाइडलाइंस के अनुसरण में राज्य में कोचिंग एक्ट हेतु संशोधित बिल तैयार किया जा रहा है। इसके लिए 6 अगस्त तक सरकार ने सुझाव मांगे हुए हैं।

    प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन, राजस्थान के नेतृत्व में संयुक्त रूप से निसा, स्वराज, स्कूल क्रांति संघ, स्वयं सेवी संस्थान संरक्षण समिति तथा प्राईवेट स्कूल एवं चिल्ड्रन वेलफेअर एसोसिएशन ने आठ सूत्री सुझाव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव डॉ. अनुज सक्सेना एवं शासन उप सचिव अशोक कुमार गहलोलिया को प्रस्तुत कर सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया।

    प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेश गुप्ता व प्रदेश सचिव सत्यप्रकाश शर्मा, निसा के प्रदेश प्रभारी एवं स्कूल क्रांति संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप मोदी, स्वराज के प्रदेश अध्यक्ष हरभान सिंह कुंतल व उपाध्यक्ष भागीरथ पचार, स्वयं सेवी संस्थान संरक्षण समिति के अध्यक्ष भूपराम शर्मा व सचिव अनूप सिंह राठौड़ प्राईवेट स्कूल एवं चिल्ड्रन वेलफेअर एसोसिएशन की अध्यक्ष ऋतिका राठौड़ इत्यादि उपस्थित रहे। स्वराज के प्रदेश अध्यक्ष हरभान सिंह कुंतल ने बताया कि दोनों ही अधिकारियों ने बहुत पॉजीटिव रिस्पांस दिया। कुंतल के मुताबिक दोनों अधिकारियों ने बहुत गंभीर होकर प्रत्येक सुझाव पर विस्तार से चर्चा की।

  • कुंजपुरा में बही काव्य धारा

    कुंजपुरा में बही काव्य धारा

    विविध कविताओं ने दिए सार्थक संदेश

    करनाल, 5 अगस्त। करनाल जिले के कस्बे कुंजपुरा में विकास क्लब भवन में विकास क्लब साहित्य कला मंच की ओर से आयोजित मासिक सांझा विरासत कार्यक्रम में साहित्यकारों व रचनाकारों ने अपनी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर द्वारा समां बांध दिया।


    प्रसिद्ध शायर डॉ. कमर रईस सोनीपती ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ‘सच्चाई से दामन बचाएं तो कैसे, जहां के मुकाबिल भी आएं तो कैसे’ कविता पेश की। वरिष्ठ शायर हरबंस लाल पथिक ने ‘रोशनी तो फक़त इक बहाना था उसका, लगाई आग इसलिए कि धुंआ उठता रहे’ कविता प्रस्तुत की। ग़ज़लकार अनुपिन्दर सिंह अनूप पानीपती ने ‘मत करना तुम दोस्ती तस्वीरों के संग, उड़ जाते हैं अक्सर धूप में इनके रंग’ गजल पेश की। क्लब के संरक्षक व वरिष्ठ कवि पाल सागर ने ‘सरजमीं ए हिंद का पहरा आप दोगे क्या, भारत का भविष्य सुनहरा आप दोगे क्या’ कविता गुनगुनाई। गुरुमुख सिंह वैडच ने ‘ए उम्र कुछ कहा मैंने, पर शायद तूने सुना नहीं’ कविता सुनाई। कवयित्री गुरविंदर कौर गुरी ने’ सब दौर गुजर जाते हैं ज़िंदगी में औरत के लिए, बस एक दौर ही नहीं गुजरता मायके से जुडी यादें’ कविता पेश की।

    कवि नरेश लाभ ने’ कजरारे नैना बसे सदा प्रेम विश्वास, रिमझिम बारिश बूंद में आओ प्रियतम पास कविता प्रस्तुत की। रामेश्वर, अबैन्सन, अशोक मलंग, राजपाल राजन गुरमीत पाढा, सुरेश भाणा, अजय जुण्डला, सचिन पाल, पंकज गहलोत इत्यादि ने भी अपनी अपनी रचनाएं प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि विकास अरोड़ा व रेखा अरोड़ा थे। मंच संचालन अश्विनी शर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ साहित्यकारों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। काव्य धारा की शुरुआत सरस्वती वंदना से कुमारी शैजल ने की।

  • विभिन्न सरकारी विभागों में प्रशिक्षण हेतु ‘माई भारत पोर्टल’ पर करना होगा आवेदन

    नेहरू युवा केंद्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना बनेंगे सेतु

    सक्सेसफुल इंटर्नशिप करने पर मिलेगा प्रमाण पत्र

    बीकानेर, 5 अगस्त। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा माई भारत इनिशिएटिव के तहत देश के युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों की गतिविधियों से अवगत करवाने के ‘भारत पोर्टल’ पर आवेदन किए जा सकेंगे। नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी रूबीपाल ने बताया कि नेहरू युवा केन्द्र संगठन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा प्रारम्भिक स्तर पर जिले के महत्वपूर्ण पांच विभागों के सहयोग से विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। ये पांच विभाग पोस्टल विभाग, साइबर पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग होंगे। इसके तहत 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को निःशुल्क इंटर्नशिप प्रशिक्षण दिलाया जायेगा। इच्छुक योग्य युवा आवेदन के लिए माई भारत पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल बना कर एक्सपीरिशियल लर्निंग टैब में एप्लाई ऑपशन पर जा कर आवेदन कर सकते हैं। संबंधित विभाग, प्राप्त आवेदनों के आधार पर युवाओं को प्रशिक्षण देंगे। पोस्टल विभाग द्वारा विभाग के विभिन्न अनुभागों में 19 अगस्त से 24 सितम्बर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके आवेदन की अन्तिम तिथि 12 अगस्त है। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी करने पर माय भारत पोर्टल द्वारा प्रमाण पत्र दिया जायेगा ।

  • हरियाली अमावस्या पर अद्भुत हरियाले श्रृंगार से सजा गोपेश्वर दरबार

    हरियाली अमावस्या पर अद्भुत हरियाले श्रृंगार से सजा गोपेश्वर दरबार

    भक्तों ने देर रात्रि तक किया श्रृंगार

    सोशल मीडिया पर फोटो देखकर उमडे़ दर्शनार्थी

    बीकानेर, 4 अगस्त। गोपेश्वर बस्ती स्थित श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर में हरियाली अमावस्या पर मंदिर परिसर को हरियाले श्रृंगार से सजाया गया है। मंदिर के भक्तों ने रात भर मेहनत कर यह अद्भुत श्रृंगार किया है। सोशल मीडिया पर इस श्रृंगार की फोटो – विडियो देखकर बड़ी संख्या में दर्शनार्थी मंदिर पहुंच रहे हैं।

    मंदिर के पुजारी राजकुमार श्रीमाली के मुताबिक पिछले अनेक सालों से हर वर्ष सावन में लगभग हर दिन मंदिर में विशेष श्रृंगार तथा आयोजन किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को मंदिर को तिरंगे रंग से सजाया जाता है। इसी तरह के और भी विशेष अवसरों पर मंदिर में विशेष साज सजावट एवं रंग बिरंगी रोशनी की जाती है।

    उन्होंने बताया कि सावन के हर सोमवार को मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लगता है और मंदिर के भक्तों द्वारा ही सारी व्यवस्था संभाली जाती है।

  • विद्यार्थियों के लिए शनिवार को रहेगी छुट्टी, टीचर्स एवं अन्य स्टाफ के लिए नहीं होगा अवकाश

    विद्यार्थियों के लिए शनिवार को रहेगी छुट्टी, टीचर्स एवं अन्य स्टाफ के लिए नहीं होगा अवकाश

    आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई

    बीकानेर। 2 अगस्त। भारी वर्षा की आशंका के चलते बीकानेर जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने बीकानेर जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं, कोचिंग्स, मदरसों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार, 3 अगस्त 2024 को अवकाश की घोषणा की है। कलक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सख्ती से इस आदेश की पालना अनिवार्य है। यदि किसी स्कूल या कोचिंग ने इस आदेश को धता बताते हुए अपने संस्थान में बच्चों की छुट्टी नहीं की तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के आदेश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) गजानंद सेवग ने भी निर्देश जारी किए हैं।

    इन निर्देशों के अनुसार जिले में सभी तरह के स्कूल्स में स्टूडेंट्स के लिए अवकाश रहेगा लेकिन टीचर्स एवं अन्य स्टाफ के लिए अवकाश नहीं होगा।

  • स्काउट व गाइड का बीकानेर जिला परिषद का द्वितीय वार्षिक अधिवेशन संपन्न

    स्काउट व गाइड का बीकानेर जिला परिषद का द्वितीय वार्षिक अधिवेशन संपन्न

    बीकानेर, 30 जुलाई। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला बीकानेर का द्वितीय जिला परिषद वार्षिक अधिवेशन मंगलवार को हंशा गेस्ट हाउस, गंगाशहर, बीकानेर में परिषद के अध्यक्ष राजेश कुमार चूरा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अधिवेशन का शुभारंभ जिला वन संरक्षण अधिकारी डॉ. एस शरथ बाबू ने किया।

    समाजसेवी व वरिष्ठ भाजपा नेता मोहनलाल सुराणा, समाजसेवी तथा शहर जिला कांग्रेस के महासचिव योगेश गहलोत, समाजसेवी राजाराम बिश्नोई विशिष्ट अतिथियों के रूप में इस अधिवेशन में सम्मिलित हुए। जिला उप्रधान ऋषि राज थानवी, बलजीत सिंह बाजवा, केसरीचंद सुथार, सहायक स्टेट कमिश्नर राजेन्द्र जोशी, जिला सचिव तरुण कुमार गौड़, स्थानीय संघ, गंगाशहर के प्रधान भवानीशंकर जोशी, एडीसी (स्काउट) सूरज रतन सोनी, एडीसी (गाइड) भारती शर्मा इत्यादि मंचासीन रहे। इस अवसर पर जिला मुख्यायुक्त एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट गाइड शिक्षा विभाग की प्रमुख सहशैक्षिक गतिविधि है, जिसका सभी शिक्षण संस्थानों में संचालन आवश्यक है। जिला परिषद, बीकानेर के अध्यक्ष राजेश कुमार चूरा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि स्काउट गाइड के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ स्काउट गाइड की संख्यात्मक एवं गुणात्मक अभिवृद्धि करेंगे तो संगठन का विकास एवं विस्तार होगा। सी ओ (गाइड) ज्योतिरानी महात्मा ने पिछले वर्ष कोलायत में आयोजित अधिवेशन की कार्यवाही संबंधी अनुपालना का पठन किया। सी ओ (स्काउट) जसवंतसिंह राजपुरोहित ने सत्र 2023-24 की वार्षिक उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सत्र 2024-25 के वार्षिक कार्यक्रमों, लेखों का अंकेक्षण, आय-व्यय, बजट अंकेक्षक की नियुक्ति इत्यादि संबंधित विचार विमर्श कर सभासदों ने अनुमोदन किया। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) सुनील कुमार बोड़ा तथा सहायक स्टेट कमिश्नर राजेंद्र जोशी ने भी स्काउट व गाइड की गतिविधियों की सराहना की। मोहनलाल सुराणा, योगेश गहलोत एवं राजाराम बिश्नोई ने भी अपने अपने संबोधनों में स्काउट व गाइड की गतिविधियों को समाज विकास के लिए प्रेरणादायी बताया। स्थानीय संघ, गंगाशहर के उप प्रधान गिरिराज खैरीवाल ने भामाशाहों एवं अतिथियों के परिचय प्रस्तुत किए। स्काउट गाइड की प्रार्थना से शुरू हुए अधिवेशन में सचिव तरुण कुमार गौड़ ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।

    डिसेंट किड्स की छात्राओं अश्लेषा खैरीवाल एवं सीया जीनगर ने सरस्वती वंदना तथा स्वागत नृत्य की मनमोहिनी प्रस्तुति दी।

    सहायक राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट), रामजस लिखाला ने अधिवेशन का संयोजन करते हुए स्थानीय संघ, गंगाशहर के प्रधान भवानी शंकर जोशी, उप प्रधान गिरिराज खैरीवाल, सचिव प्रभु दयाल गहलोत एवं पूरे स्थानीय संघ द्वारा की गई बेहतरीन भौतिक व्यवस्थाओं हेतु आभार व्यक्त किया। अधिवेशन में बीकानेर जिले के लगभग 100 सदस्यों सहित अन्य जनों ने सहभागिता की।
    अधिवेशन के दौरान भामाशाहों, सहयोगियों, श्रेष्ठ स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स इत्यादि का सम्मान स्मृति चिन्ह, शॉल, माला व डायरी भेंट कर किया गया।

    स्काउट यूनिट लीडर रामेश्वर मारू, सुखराम चीनिया व प्रताप दास साध, समाजसेवी मदनमोहन सक्सेना, पूर्णाराम चौधरी एवं पन्नाराम सिहाग को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। स्काउट व गाइड के स्थानीय संघ, गंगाशहर के वरिष्ठ जनों नारायण मल चौधरी, गौरीशंकर गहलोत एवं राजकुमारी मारू को सेवा सम्मान से नवाजा गया। श्रीमती विनीता सक्सेना, श्री राजेंद्र सिंह राठौड़ एवं लक्ष्मण मारू के सेवानिवृत्ति – अभिनंदन किए गए। राष्ट्रपति अवार्ड के लिये चयनित रोवर रविप्रकाश चाहर, गाइड उपदेश सिद्ध एवं कृष्णा प्रजापत को सम्मानित किया गया। एमओपी में कार्य करने वाले रोवर अर्जुन भाटी, शिक्षा निदेशालय ओपन रोवर क्रू बीकानेर एवं इशिता भाटी रेंजर, राजकीय डूंगर महाविद्यालय बीकानेर को भी सम्मानित किया गया। मोहनलाल सुराणा, योगेश गहलोत, राजाराम बिश्नोई, मनोज भूरा, राजेंद्र बोथरा, मदन लावट एवं हंसराज डागा को सहयोगी सम्मान से सम्मानित किया गया। अधिवेशन के अंत में स्काउट यूनिट लीडर अशोक सक्सेना को दो मिनिट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

  • श्री गोपेश्वर विद्यापीठ के करुणा और इको क्लब्स ने डॉ. विजय बोथरा जी की स्मृति में बांटे पौधे

    बीकानेर, 24 जुलाई। आम अवाम के लिए मसीहा चिकित्सक ब्रह्मलीन डॉ. विजय बोथरा के 11 वें महाप्रयाण दिवस पर श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सैकेंडरी स्कूल के करुणा क्लब और इको क्लब्स द्वारा 101 पौधों का वितरण किया गया। विद्यापीठ के समन्वयक गिरिराज खैरीवाल के मुताबिक पौधे उन स्टूडेंट्स और अभिभावकों को दिए गए, जिन्होंने पौधों की सारसंभाल और देखभाल पूरी गंभीरता से करने का भरोसा दिया। इस अवसर पर शाला प्रधान श्रीमती भंवरी देवी ने डॉ. बोथरा के सामाजिक सरोकारों और समाज सेवा संबंधित उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉ. बोथरा जी का जीवन सेवा कार्य करने वाले लोगों के लिए अनुपम मिसाल और अद्भुत प्रेरणा स्रोत है।

                     

  • स्पाइरल डेस्क लेकर आया है बोर्ड परीक्षाओं के स्टूडेंट्स के लिए चैप्टर वाईज हजारों प्रश्नों का खजाना

    स्पाइरल डेस्क लेकर आया है बोर्ड परीक्षाओं के स्टूडेंट्स के लिए चैप्टर वाईज हजारों प्रश्नों का खजाना

    बीकानेर। स्पाइरल डेस्क द्वारा कक्षा 10 वी तथा कक्षा 8 वीं के लिए विषयवार चैप्टर वाईज सलेक्टेड प्रश्नों का खजाना तैयार किया गया है। स्पाइरल डेस्क की इस “लीजेंड पेपर्स स्कीम फॉर बोर्ड क्लासेज” का लोकार्पण श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सैकेंडरी स्कूल में संस्था के समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने किया।

    स्पाइरल डेस्क के कैलाश पंवार ने बताया कि उन्होंने हर विषय के बहुविकल्पी, अतिलघुतरात्मक, लघुरात्मक, निबंधात्मक इत्यादि प्रश्नों का चयन बहुत सावधानी पूर्वक रूप से बोर्ड परीक्षा के अनुसार किया है।उन्होंने बताया कि ग्रामर के लिए भी उन्होेंने प्रश्नों का खजाना तैयार किया है। पंवार के मुताबिक हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में ये हजारों प्रश्न उपलब्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि इन प्रश्न पत्रों के माध्यम से विद्यार्थी को लगभग शत प्रतिशत अंक आ सकते हैं।

  • अवैधानिक कृत्यों में लिप्त शिक्षण संस्थाओं एवं कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्राईवेट स्कूल्स संचालक हुए लामबंद

    अवैधानिक कृत्यों में लिप्त शिक्षण संस्थाओं एवं कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्राईवेट स्कूल्स संचालक हुए लामबंद

    नियमानुसार कार्रवाई के लिये शीघ्र ही शिक्षा विभाग से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

    कोचिंग्स और स्कूल्स के स्टूडेंट्स के साथ हो रहे भेदभाव को तुरंत किया जाए बंद : पैपा

    बीकानेर, 7 जून। शिक्षा विभाग द्वारा जिस तरह से सरकारी और प्राईवेट शिक्षण संस्थाओं को नियंत्रित किया जाता है, उसी तरह से कोचिंग एक्ट की पालना हेतु कोचिंग संस्थान भी नियंत्रित किए जाने चाहिए। ये बात शुक्रवार को आनंद निकेतन में प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) द्वारा स्वच्छ शिक्षा क्रांति मिशन को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण मिटिंग में पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने कही। उन्होंने कहा कि एक अभिभावक को अपने बच्चों को मई जून में स्कूल भेजने में गर्मी के कारण दिक्कत होती है लेकिन उसी अभिभावक को अपने बच्चों को मई जून में कोचिंग भेजते हुए किसी भी तरह की परेशानी नहीं होती और न ही उसके बच्चों को गर्मी लगती है। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और मीडिया को भी गर्मी के दौरान कोचिंग संस्थानों में बच्चों के जाने पर कोई आपत्ति नहीं है लेकिन स्कूल्स के लिए तरह तरह की बंदिशें लगा रखी हैं।

    इस अवसर पर स्वच्छ शिक्षा क्रांति मिशन के बारे में खैरीवाल ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस मिशन के माध्यम से कोचिंग की आड़ में चल रहे अवैधानिक स्कूल्स, बिना मान्यता चल रहे स्कूल्स, प्राप्त मान्यता स्तर से उच्च कक्षाओं का संचालन करने वाले स्कूल्स, बगैर मान्यता अतिरिक्त माध्यम का संचालन करने वाले स्कूल्स, डमी प्रवेश देने वाले स्कूल्स सहित किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त शिक्षण संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हेतु शिक्षा विभाग को जागरुक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध एक जागरूकता पेंपलेट का प्रकाशन कर अभिभावकों को भी जागरूक किया जाना प्रस्तावित है। मिटिंग में उपस्थित सभी संभागियों ने एक सूत्र में सहमति जताते हुए शीघ्र ही इस संबंध में यथोचित कार्यवाही हेतु स्वीकृति प्रदान की।

    बंशीलाल भाटी ने मिटिंग की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आज स्कूल्स का अस्तित्व खतरे में पड़ चुका है और इसे हम एकजुटता के बल पर ही बचा सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमें बुद्धि के कौशल से अपना संघर्ष सरकार, शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन एवं अवैधानिक कृत्यों में लिप्त संस्था संचालकों से करना होगा। अशोक कुमार उपाध्याय ने सभी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि दूषित हो चुकी शिक्षा को हमें स्वच्छ शिक्षा क्रांति मिशन के माध्यम से पुनीत करना होगा। इसके बिगड़े हुए स्वरूप को सुधारने की आज महती आवश्यकता है।

    लगभग 2 घंटे चली इस मिटिंग में प्रभुदयाल गहलोत, लोकेश कुमार मोदी, सौरभ बजाज, बजरंग लाल प्रजापत, रमेश बालेचा, सौरभ अग्रवाल, कृष्ण कुमार स्वामी, मनोज बिहानी, डॉ. अभय सिंह टाक, चरण सिंह चौधरी, शिव कुमार शर्मा, अभिजित व्यास, सुमित कुमार स्वामी, मनोज व्यास, संतोष कुमार रंगा, मुकेश कुमार पांडेय, महेश कुमार व्यास, उमानाराम प्रजापत, रघुनाथ बेनीवाल, राकेश कुमार जोशी, बृज भूषण शर्मा एवं किशन चंद्र अनेजा, विश्वजीत गौड़ एवं केवलचंद भूरा इत्यादि ने इस मिशन को सफल बनाने में हर संभव सहयोग हेतु प्रतिबद्धता जताई।