
बीकानेर। महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुनीता बिश्नोई को उनके उल्लेखनीय योगदान एवं उत्कृष्ट सेवाओं हेतु बीकानेर के जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया गया। डॉ करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सुनीता बिश्नोई को राष्ट्रीय सेवा योजना में किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। बिश्नोई को राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना में कार्यक्रम अधिकारी के तौर पर बालिकाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता पैदा करने, विभिन्न कच्ची बस्तियों में जाकर बालिका सशक्तिकरण के प्रयास करने, महाविद्यालय में केंद्र सरकार की योजना के तहत स्थापित “नई किरण नशा मुक्ति केंद्र” प्रभारी के रूप में महाविद्यालय व आसपास के क्षेत्र में नशा मुक्ति के लिए जन जागरूकता पैदा करने तथा महाविद्यालय में स्थापित स्वीप समिति के सदस्य के रूप में छात्राओं में मतदान व नामांकन के लिए प्रेरित करने के लिए ये सम्मान प्रदान किया गया है। बिश्नोई को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किए जाने पर महाविद्यालय की स्टूडेंट्स एवं अन्य व्याख्याताओं ने प्रसन्नता प्रकट हुए उन्हें बधाई दी है।







