एनएन आरएसवी में कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन
बीकानेर। मरुधर नगर स्थित एनएन आरएसवी उच्च माध्यमिक विद्यालय मैं कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सीए केशव सोमानी तथा डॉ. इमरान खान ने विद्यार्थियों को भविष्य में कैरियर चयन हेतु टिप्स प्रदान किए। वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों हेतु भविष्य की संभावनाएं तथा चयन किए जाने वाले विषयों के बारे में बड़े ही सरल ढंग से केशव सोमानी ने अवगत करवाया। डॉ. इमरान ने कला वर्ग के विद्यार्थियों हेतु अपार संभावनाओं की चर्चा करते हुए इसमें लिए जाने वाले विषयों तथा उनके गहन अध्ययन से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की तथा विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी विषय का चयन करते हुए विद्यार्थी को अपनी रुचि का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए।

आरएसवी ग्रुप के सीईओ आदित्य स्वामी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्हें जो भी विषय लेना है, वे अपने विषय के चयन हेतु स्वतंत्र हैं परंतु विषय लेने के पश्चात विद्यार्थी का कर्तव्य है कि वह उस विषय में गहनता से अध्ययन करें तथा उस पर अपनी पकड़ को बनाएं, जिससे भविष्य में लिया गया विषय विद्यार्थी के लक्ष्य को प्राप्ति का साधन बन सके। स्कूल की प्रधानाचार्य पूनम चौधरी ने इस मौके पर कहा कि जीवन में लक्ष्य का निर्धारण करने के पश्चात ही हमें उस पर अग्रसर होना चाहिए। विषय चाहे कोई भी हो पर मेहनत ही उस विषय में हमें पारंगत कर सकती है। पूर्ण मनोयोग से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर प्रयास करेंगे तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमेगी।





