बच्चों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों को किया मंत्र मुग्ध

बीकानेर। रानी बाजार स्थित बाल निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय का वार्षिकोत्सव “रिदम” रविंद्र रंगमंच में उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान भारतीय संस्कृति की रंगीन छटाओं से आपूरित विभिन्न प्रभावी प्रस्तुतियां देकर स्टूडेंट्स ने समां बांध दिया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 500 स्टूडेंट्स ने देश भक्ति, प्रेरणा इत्यादि कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नर्सरी और प्री प्राईमरी विंग के विद्यार्थियों ने भी मंत्र मुग्ध करने वाली प्रस्तुतियां पेश कर उपस्थित दर्शकों को आनंद से विभोर कर दिया। इसके अलावा विभिन्न प्रदेशों की झाँकियों, नृत्य नाटिका इत्यादि कार्यक्रमों ने भी दर्शकों की ढेर सारी तालियाँ बटोरी। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र तथा खेलों के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। एमजीएस यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर एवं इतिहास विभाग की सह प्रभारी डॉ. मेघना शर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा विद्यालय के परीक्षा परिणामों को भी विशेष रुप से रेखांकित किया। आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल के सीईओ आदित्य स्वामी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती ऋतु शर्मा के निर्देशन में बाल निकेतन के विद्यार्थियों ने किया। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ डॉ.मेघना शर्मा, आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीएमडी सुभाष स्वामी एवं कोऑर्डिनेटर रविंद्र भटनागर तथा बाल निकेतन विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं बिन्नी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।






