Category: Uncategorized

  • सोशल एक्टिविस्ट, शिक्षाविद्, पर्यावरणविद डॉ.नीलम जैन 11वें अंतराष्ट्रीय सम्मेलन में देगी व्याख्यान

    विश्व के अनेक देशों के पर्यावरण विद जूम वेबिनार द्वारा अंतराष्ट्रीय शांति एव अहिंसक समाधान सम्मेलन में होंगे शामिल

    बीकानेर। अणुव्रत ग्लोबल ऑर्गेनाइजेशन एवं अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पीस स्टडीज एण्ड ग्लोबल फिलोसॉफी (यूके एण्ड फ्रांस) के संयुक्त तत्वावधान में 13 से 16 फरवरी तक शांति और अहिंसक कार्रवाई पर आयोज्य चार दिवसीय ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सेमूनो इंटरनेशनल टेक्नो स्कूल की डायरेक्टर डॉ. नीलम जैन विश्व शांति और पारिस्थितिकी हेतु वांछित संवेदनशीलता के महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपना उद्बोधन देंगी। उल्लेखनीय है कि सोशल एक्टिविस्ट डॉ. नीलम जैन अणुव्रत विश्वभारती सोसायटी के पर्यावरण जागरुकता अभियान की राष्ट्रीय संयोजक है।

    इस विश्व स्तरीय वेबीनार में आचार्य श्री महाश्रमण, अणुव्रत विश्वभारती सोसायटी के अध्यक्ष अविनाश नाहर, 11 आईसीपीएनए आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. टी के जैन, प्रो. स्वामी चैतन्यप्रज्ञ, भगवान महावीर अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र के पूर्व प्रमुख और निदेशक एवं राजदूत अनवारुल के.चौधरी, यूएनडीजीसी- सीएसयू के फेलिप पनीर, इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पीस स्टडीज एंड ग्लोबल फिलॉसाफी के निदेशक डॉ. थॉमस डैफर्न, भारतीय गांधीवादी अध्ययन परिषद् के अध्यक्ष प्रो. एन राधाकृष्णन, हेल्थ गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. फ्रैंक कॉफमेन, अणुव्रत अमृत महोत्सव के राष्ट्रीय संयोजक संचय जैन, 11 वें आईसीपीएनए मेजबान समिति के अध्यक्ष दीपक जैन इत्यादि विभिन्न विषयों पर अपने अपने व्याख्यान देंगे। अनेक सत्रों में आयोजित होने वाली इस वेबीनार में डॉ. रफाल पंकोव्सकी, रेव. रविकुमार स्टीफन जे.जी., दादा गुणमुक्तानंद, बर्नी मेयर, प्रो. विद्या जैन, ‘मार्को हेन, फ्रांसिस हलदर, बिरकनउन्वर, जॉन डिलियोनार्डा, डॉ. नीलम जैन, डॉ. नारायण हेगड़े, एवं डॉ. पंकज जैन अपने अपने विचार व्यक्त करेंगे।

  • हर्ष स्कूल, सूरतगढ़ के वार्षिकोत्सव “फेस्टिवियम सीजन-2” का भव्य आयोजन

    सूरतगढ़। सूरतगढ़ स्थित हर्ष स्कूल के वार्षिकोत्सव “फेस्टिवियम सीजन- 2” के अंतर्गत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन किये गये। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चेयरमेन ऑफ डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कमीशन, हनुमानगढ़ – गंगानगर, साहबराम मोटियार व एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ऑफ जोधपुर डिस्कॉम अजय शर्मा थे। अतिथियों का स्वागत भव्य बैंड के साथ किया गया।

    इस अवसर पर स्टूडेंट्स द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में भारत के विभिन्न राज्यों को बड़े ही भव्य रूप से दर्शाया गया। साथ ही गुरुकुल शिक्षा प्रणाली ,सोलर सिस्टम, वैष्णो माता का दरबार, इसरो साइंटिफिक रिसर्च सेंटर इत्यादि मॉडल्स की सभी अतिथियों व अभिभावकों ने खुले मन से प्रशंसा की।

    सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने डांस, नाटक, गायन इत्यादि की मनमोहिनी प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों व अन्य दर्शकों को सम्मोहित कर दिया। इस दौरान अभिभावकों व बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के गेम्स खेलने की व्यवस्था भी की गई।

    स्कूल के चेयरमैन अनिल धानुका ने उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए एवं आभार प्रकट किया।

    कार्यक्रम में शिव सारडा, इंजीनियर रमेशचन्द्र माथुर, मैत्री ब्लड बैंक के इंचार्ज सुनील योगी, रोज़ वैली स्कूल की प्राचार्य श्रीमती मोनिका शर्मा, नितिन शर्मा, टैगोर ग्रुप के निदेशक सचिन जेटली, सीमांत रक्षक समाचार पत्र के योगेश मेघवाल, अशोक गोयल, प्रमोद ज्यानी, पार्षद जगदीश मेघवाल इत्यादि मौजूद रहे।प्रधानाध्यापिका सुमति शर्मा ने अभिभावकों, बच्चों व स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित किया।

  • अगले वर्ष से बीएड होगी बंद, एनसीटीई ने जारी की आम सूचना

    बीकानेर। आगामी सत्र से इंटीग्रेटेड बीएड पाठ्यक्रम बंद हो जाएगा। इस संबंध में एनसीटीई ने बीती 5 फरवरी को आम सूचना जारी कर दी है। अगले वर्ष से 4 वर्षीय बीए-बीएड और बीएससी-बीएड पाठ्यक्रम के स्थान पर एकीकृत शिक्षक (आईटीईपी) कोर्स शुरू किया जाएगा। बीए और बीएससी के अलावा बीकॉम के छात्र भी बीएड कर पाएंगे। साथ ही आईटीईपी में सेमेस्टर सिस्टम भी लागू होगा। एनसीटीई ने नई शिक्षा नीति के अंतर्गत यह बदलाव किया है।

    केंद्र सरकार अब नई शिक्षा नीति के तहत नए शिक्षक तैयार करेगी। वर्ष 2025- 26 से आईटीईपी लागू होगा। शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों को एनसीटीई की वेबसाइट से नए पाठ्यक्रम हेतु 5 मार्च तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है।

  • राजस्थान सरकार ने तबादलों का खोला पिटारा लेकिन शिक्षा विभाग में नहीं होंगे तबादले

    जयपुर। तबादलों पर पिछले एक साल से लगी रोक को आंशिक रूप से 10 से 20 फरवरी 2024 तक हटा दिया गया है। इस संबंध में राज्य सरकार ने 8 फरवरी 2024 को निर्देश जारी कर दिए हैं। इस दौरान शिक्षा विभाग के अलावा अन्य सभी विभागों में धड़ल्ले से ट्रांसफर होंगे। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्पष्ट रूप से कह दिया है कि शिक्षा विभाग में अभी किसी भी तरह से तबादले नहीं किए जाएंगे। दिलावर ने तर्क दिया है कि अभी निकट समय में बोर्ड की परीक्षाएं होनी हैं। इसलिए तबादले करना उचित नहीं है।

    उन्होंने कहा कि तबादलों से स्कूल छात्रों की परीक्षा व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न होगा। अतः छात्र हित में अभी तबादले नहीं किए जाएंगे। हालांकि सरकार द्वारा जारी तबादला छूट आदेश में भी थर्ड ग्रेड टीचर्स के ट्रांसफर नहीं किए जाने का उल्लेख किया हुआ है।

  • समाजोपयोगी शिविर सेवा भावना को सुदृढ़ करने का बेहतरीन आयाम : बोड़ा

    शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय के समाजोपयोगी शिविर का हुआ समापन

    बीकानेर। शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय के समाजोपयोगी उत्पादक शिविर का समापन शनिवार को समारोह पूर्वक हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) सुनील कुमार बोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि समाजोपयोगी शिविर स्टूडेंट्स में सेवा भावना को सुदृढ करने का बेहतरीन आयाम है। उन्होंने कहा कि शांति विद्या निकेतन द्वारा विभिन्न गतिविधियों को शाला में बहुत ही सुदृढ़ तरीके से करवाया जा रहा है।

    अपने संबोधन के दौरान शिक्षाविद् एवं करुणा इंटरनेशनल संस्था, बीकानेर के उपाध्यक्ष राजेश रंगा ने बच्चों को शिक्षा के साथ साथ जीवन में इस प्रकार की गतिविधियों को करने और आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर शाला सचिव रमेश कुमार मोदी द्वारा मनोरंजन गीत “जानवर खेलते चिड़िया घर में…” की प्रेक्टिकल प्रस्तुति ने सभी को अभिभूत कर दिया। तीन दिवसीय शिविर में सीखाए गए कार्यों एवं आयोजित की गईं गतिविधियों का विभिन्न माध्यमों एवं आयामों से अतिथियों द्वारा आकलन भी किया गया। इस दौरान अव्वल रहे स्टूडेंट्स को पुरस्कार भी दिए गए।

    रमेश कुमार मोदी ने इस अवसर पर सभी अतिथियों का सम्मान मोमेंटो देकर किया। उन्होंने विद्यालय में आयोजित हुई गतिविधियों के साथ ही संस्था की उपलब्धियों के बारे में भी बताया।

    प्रधानाध्यापक हनुमान छींपा ने बताया कि शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार को करुणा अंतरराष्ट्रीय संस्था, बीकानेर केंद्र के शिक्षा अधिकारी घनश्याम साध ने बच्चों को अन्य गतिविधियों के साथ साथ करुणा क्लब और करुणा प्रार्थना का महत्व बताया। उन्होंने करुणा शपथ दिलवाकर शाला के विद्यार्थियों को करुणा व दया तथा पशु पक्षियों के प्रति जागरूकता रखने की प्रेरणा दी। छींपा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ शिक्षाविद गिरिराज खैरीवाल ने गुरुवार को को किया था। शिविर का संचालन शाला के अध्यापक और करूणा क्लब के प्रभारी सौरभ बजाज ने किया।

  • शिक्षा विभाग में आमूलचूल बदलाव की तैयारी शुरू, निजी विद्यालयों को कैसे मैनेज करेगी नयी सरकार

    निजी स्कूल्स की प्रार्थना और ड्रेस-कोड में कैसे एकरूपता ला पाएगी सरकार !

    हरीश बी. शर्मा

    (ख्यातनाम वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार)

    राजस्थान की भाजपा सरकार ने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एकरूपता लाने की दृष्टि से बदलाव शुरू कर दिया है। 4 दिन पहले विधायक बाल मुकुंदाचार्य ने जिस तरह स्कूल की ड्रेस में एकरूपता की बात कही थी, उसी वक्त यह संकेत मिल गया था कि भाजपा की आगामी कार्ययोजना में अब शिक्षा-जगह आएगा। हालांकि, इस तरह की भनक लगते ही कि स्कूलों में हिजाब पहनकर जाने का विरोध हो रहा है, प्रदर्शन भी हुए। स्कूलों में लड़कियां पहुंची भी नहीं, लेकिन जिस तरह के तेवर भाजपा की सरकार के हैं और बतौर शिक्षा मंत्री भी मदन दिलावर जैसे तेज-तर्रार नेता मिले हैं, इस बात में कोई संशय नहीं है कि आने वाले कुछ ही दिनों में शिक्षा विभाग में आमूल-चूल परिवर्तन देखने को मिलेगा। देखना यह है कि मदल दिलावर इन नियमों को निजी स्कूल्स पर कैसे लागू करवा पाते हैं, क्योंकि निजी स्कूल्स में ड्रेस-कोड से लेकर प्रार्थनाएं तक मनमर्जी की चलती है।शिक्षा विभाग ने स्कूल्स के लिए चार नियम बनाए हैं। इन नियमों में एक जैसा ड्रेस-कोड होगा। चयनित प्रार्थनाएं होंगी। प्रार्थना के समय सरस्वती माता की तस्वीर होनी जरूरी होगी और जिन महापुरुषों का जिक्र पाठ्यक्रमों में होगा, उन्हें ही पढ़ाया जा सकेगा। इन नियमों के साथ ही प्रदेश की स्कूलों में खलबली मचनी तय है। खासतौर से प्राइवेट स्कूल्स मेंं, जहां ड्रेस-कोड प्रबंधन की इच्छा के अनुसार चलता है, क्या प्रदेश की सभी स्कूल्स में एक जैसा ड्रेस कोड लागू करवाने में अधिकारी सख्त हो पाएंगे, क्योंकि यह जिम्मेदारी अधिकारियों की ही होगी कि वे इन सभी नियमों पर निगरानी करे।चयनित प्रार्थनाओं वाला मामला भी सरकार को बारीकी से देखना होगा। प्रदेश में ऐसी कई स्कूल्स हैं, जिनका संचालन समाज, धर्म या संप्रदाय पर आधारित भी है, वहां पर या तो चयनित प्रार्थनाएं होती ही नहीं हैं या फिर समानांतर प्रार्थना करवाई जाती है। यह तो जांच में ही पता चल पाएगा कि उन स्कूल्स में क्या स्थिति है।रही बात सरस्वती की तस्वीर की अथवा पाठ्यक्रम में उल्लेखित महापुरुषों के संबंध में ही अध्ययन कराने की, ये तो आसानी से लागू हो जाएंगे, लेकिन ड्रेस-कोड और प्रार्थनाओं के लिए सरकार को बड़े स्तर पर काम करना होगा। अगर ऐसा नहीं होता है तो अवहेलना होने लगेगी। सरकार को चाहिए कि इन सभी नियमों की पालना के लिए निजी स्कूल्स की काउंसिलिंग करे और उन्हें एक-रूपता के फायदे बताए। यह सही है कि अगर प्रदेश की सभी स्कूल्स में एक जैसा ड्रेस-कोड होगा तो बच्चों के अंदर हीनता का भाव नहीं आएगा वरना बहुत सारे सरकारी स्कूल्स में पढने वाले बच्चे तो इसी सोच में अपने आपको कमतर आंकने लगते हैं कि दूसरी ड्रेस वाले बच्चों से वे कमतर हैं। इस कमतरी के अहसास को खत्म करवाने के लिए एक जैसी ड्रेस कोड का विचार अच्छा है। हालांकि, भाजपा इस मुद्दे पर लगातार काम कर रही है। जैसे वन नेशन, वन इलेक्शन, वन नेशन, वन राशन कार्ड आदि। ऐसे में स्कूल्स में भी अगर एकरूपता आएगी तो बच्चों के समन्वित विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।देखना यह है कि निजी स्कूल्स में यह नियम कैसे लागू होता है? जाहिराना तौर पर सरकार, मंत्री और शिक्षा विभागीय अधिकारियों को अधिक समर्पित, नैतिक और निष्ठावान होना होगा तब ही ये चार नियम स्कूल्स में लागू हो पाएंगे।

    __________________________________________________

    यह आर्टिकल हरीश बी. शर्मा ने लॉयन एक्सप्रेस पोर्टल पर एक फरवरी 2024 को अपने नियमित संपादकीय कॉलम “हस्तक्षेप” में पब्लिश किया था। विशेष अनुरोध पर ज्ञानायाम में भी प्रकाशित करने की अनुमति देने के लिए ज्ञानायाम उनके प्रति कृतज्ञ है।

  • मोहता आयुर्वेदिक रसायनशाला, चिकित्सालय एवं हर्बल गार्डन का शैक्षणिक भ्रमण कर स्टूडेंट्स हुए अभिभूत

    राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजलदेसर (चूरु) के स्टूडेंट्स ने किया भ्रमण

    बीकानेर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजलदेसर, चूरू के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को दोपहर में श्री मोहता आयुर्वेदिक चिकित्सालय ट्रस्ट के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की।

    मोहता आयुर्वेदिक चिकित्सालय ट्रस्ट के श्रीमती जया रामपुरिया, वैद्य मुकेश भारद्वाज, वैद्य प्रमोद भट्ट एवं योगेश पुरोहित ने ट्रस्ट द्वारा संचालित औषधालय, रसायनशाला एवं हर्बल गार्डन का भ्रमण कराते हुए विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मोहता आयुर्वेदिक चिकित्सालय के वैद्य प्रमोद भट्ट ने आर्युवेद का महत्व समझाते हुए स्टूडेंट्स से बारहवीं के बाद बी.ए.एम.एस. करने की प्रेरणा प्रदान की। इस दौरान 100 साल से भी अधिक पुरानी मोहता धर्मशाला का का भ्रमण भी स्टूडेंट्स को कराया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा सभी सहभागी स्टूडेंट्स, टीचर्स व स्टाफ को चंदन व गुलाब के शर्बत की बोटल्स वितरित की गई तथा चाय नाश्ते का प्रबंध भी किया गया।

    भ्रमण कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजलदेसर (चूरु) के प्रिंसीपल जय सिंह बाहरठ के नेतृत्व व निर्देशन में शैक्षणिक स्टाफ सदस्य विजय पाल एचरा, मनमोहनदान, गिरधारी डेलू, सुनील कड़वा, अनिल खेतड़ तथा सुमन पांडे एवं 50 स्टूडेंट्स ने सहभागिता की। ट्रस्ट द्वारा दिए गए मार्गदर्शन, सहयोग एवं सेवा से अभिभूत होकर प्रधानाचार्य बारहठ ने ट्रस्ट के प्रति खुले मन से आभार व्यक्त किया।

  • आरएसवी के विद्यार्थियों ने सूर्य किरण टीम के एयर शो का भरपूर आनंद लिया

    बीकानेर। आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के 1200 से अधिक विद्यार्थियों ने नाल एयर फोर्स स्टेशन पर गुरुवार को आयोजित एयर शो के हैरत अंगेज कारनामों का भरपूर लुत्फ उठाया। भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के नारों के साथ विद्यार्थियों ने सूर्य किरण टीम के एस यू- 30 तथा तेजस फाइटर प्लेन द्वारा आसमान में दिखाए जा रहे विभिन्न करतबों का खुली हुई धूप में भी जमकर आनंद लिया।

    फाइटर प्लेन की कलाबाजियां देखकर विद्यार्थी रोमांचित हो रहे थे। वायु सैनिकों से मिलकर विद्यार्थियों का जोश दुगुन हो गया। उन्होंने विभिन्न करतब तथा विमान संबंधित अपनी जिज्ञासाओं को सैनिकों के समक्ष रखा।

    विद्यालय की प्रधानाचार्य निधि स्वामी ने कहा कि एयरफोर्स द्वारा आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम निश्चित रूप से सराहनीय हैं तथा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से स्टूडेंट्स को अपनी वायुसेना पर गर्व करने की प्रेरणा भी मिलती है।

  • शांति विद्या निकेतन का एसयूपीडब्ल्यू शिविर हुआ शुरू

    बीकानेर। शीतला गेट स्थित शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय के वार्षिक एसयूपीडब्ल्यू शिविर का उद्घाटन गुरूवार को शिक्षाविद एवं करुणा इंटरनेशनल संस्था, बीकानेर के सचिव गिरिराज खैरीवाल ने किया। खैरीवाल ने इस अवसर पर समाजोपयोगी शिविर की उपयोगिता पर रोशनी डालते हुए करुणा क्लब के उद्देश्यों और कार्यों के बारे में समझाया। इस अवसर पर शाला सचिव रमेश कुमार मोदी ने अमृतधारा बनाना सीखाया और “मेरे बाबा मोटरगाड़ी चलाए” मनोरंजन गीत गाकर शिविरार्थियों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने इस अवसर पर शाला की स्काउट व गाइड एक्टिविटिज के बारे में भी जानकारी दी।

    सेवानिवृत्त शिक्षाधिकारी आनंद कुमार व्यास ने वेसलीन और विक्स बनाना सीखाकर विद्यार्थियों को घरेलू उपचार में काम आने वाली वस्तुओं के बारे में बताया। शाला प्रधान हनुमान छींपा ने बताया की इस शिविर के अंर्तगत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के खेलों द्वारा मनोरंजन के साथ साथ अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी वस्तुओं का निर्माण करना बताया जाता है। कार्यक्रम का संचालन शाला के अध्यापक, करूणा क्लब और नैशनल ग्रीन कोर इको क्लब के प्रभारी सौरभ बजाज ने किया।

  • गणतंत्र दिवस के उल्लास के साथ आयोजित हुए ऊर्जा संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम “स्पंदन” को देखने हेतु 4 घंटे लगातार डटे रहे दर्शक

    ईको एवं करुणा क्लब्स के संयुक्त आयाम में नन्हीं प्रतिभाओं का जादू छाया

    बीकानेर। नेशनल ग्रीन कोर (इको क्लब), राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड तथा करुणा इंटरनेशनल संस्था, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में ऊर्जा संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम के तहत “स्पंदन” कार्यक्रम का आयोजन गंगाशहर स्थित टी. एम. आडिटोरियम में 26 जनवरी 2024 को किया गया। कार्यक्रम – समन्वयक गिरिराज खैरीवाल के मुताबिक इस अवसर पर आईटीआई के उपनिदेशक कैलाश शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज के समय की महती आवश्यकता है। उन्होंने अपने संबोधन में ऊर्जा संरक्षण के अनेकानेक टिप्स देते हुए कहा कि हम छोटी छोटी आदतें अपनाकर रोजाना ऊर्जा संरक्षण कर सकते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विख्यात अंक व अंग ज्योतिषी, वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार डॉ. कुमार गणेश ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में मानसिक ऊर्जा की व्याख्या करते हुए मनोबल के बल पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान की। इस अवसर पर टाटा सोलर सिस्टम के बीकानेर के प्रतिनिधि योगेश वर्मा ने सोलर एनर्जी संबंधित औउपयोगी जानकारी दी।


    स्काउट व गाइड की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विमला मेघवाल, बीकानेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष व स्थानीय संघ गंगाशहर के प्रधान भवानीशंकर जोशी एवं सहायक लोक अभियोजक धीरज चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सी. ओ. (स्काउट) जसवंत सिंह राजपुरोहित ने स्काउट व इको क्लब के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा आयोजन की उपादेयता प्रस्तुत की। करुणा इंटरनेशनल के शिक्षा अधिकारी घनश्याम साथ ने करुणा इंटरनेशनल संस्था के संबंध में जानकारी दी तथा संस्था की आगामी प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। खैरीवाल ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके संक्षिप्त परिचय भी प्रस्तुत किए। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण संबंधी जानकारी भी दी। मंच उद्घोषक राकेश कुमार जोशी ने भी ऊर्जा संरक्षण के जरूरी उपाय बताए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी मेघराज बोथरा ने की।


    29 करुणा क्लब्स की मनभावन प्रस्तुतियों ने खिलाए विविध रंग, “स्पंदन” ने किया सभी को सम्मोहन रूपी ऊर्जा से सराबोर

    इस अवसर पर आयोजित हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में नगर की 29 स्कूल्स के करुणा क्लब्स के 311 स्टूडेंट्स ने प्रभावी प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों, अभिभावकों, अतिथियों व शिक्षकों को सम्मोहित कर दिया। कार्यक्रम की शुरूआत करुणा प्रार्थना, करुणा गीत एवं अणुव्रत गीत की प्रभावी प्रस्तुति के साथ श्री पूर्णेश्वर ज्ञान मंदिर द्वारा हुई। श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सैकेंडरी स्कूल के सरस्वती वंदना नृत्य तथा बालगोविंदम माध्यमिक विद्यालय के स्वागत नृत्य की मनमोहिनी प्रस्तुतियों से शुरू हुई करतल ध्वनि व दाद लगभग सभी कार्यक्रमों को निरंतर मिलती रही। एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देखकर दर्शक विस्मय से प्रफुल्लित हो रहे थे। उनकी लगातार बज रही तालियां बच्चों का हौंसला आफजाई कर रही थी।

    दिव्यांग सेवा संस्थान के दिव्यांग स्टूडेंट्स के कार्यक्रम को बहुत सराहना मिली। समाज सेवी जतनलाल दूगड़ ने दिव्यांग सेवा संस्थान को 2100/- की राशि के चैक से पुरस्कृत किया। शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय के छोटे छोटे स्टूडेंट्स द्वारा प्रस्तुत नाटक “मैं भारत की संतान हूँ” को जमकर प्रशंसा मिली। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर विक्टोरियस पब्लिक स्कूल के संस्थापक मनोज व्यास ने 2100/- की राशि से पुरस्कृत किया। इसी तरह से प्रभात बाल मंदिर द्वारा प्रस्तुत योगमयी नृत्य ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। डिसेंट किड्स के राजस्थान की महिमा का बखान करते हुए प्रस्तुत नृत्य ने भी जमकर सराहना हासिल की। सनराईज अकादमी की देश की सीमा रक्षा को समर्पित प्रस्तुति हो चाहे शांति इंग्लिश एकेडमी एवं सेमूनो इंटरनेशनल टेक्नो स्कूल की प्रस्तुतियां हों, दर्शकों ने खुले मन से तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। हीरालाल सौभागमल रामपुरिया विद्या निकेतन तथा एनडी ज्ञानदीप की प्रस्तुतियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जुबिलेंट अकेडमी, श्री सार्थक एकेडमी, शिव माध्यमिक विद्यालय, वर्धमान इंग्लिश एकेडमी, गिन्नी बाल निकेतन, जय गुरुकुल विद्यालय, शांति बाल निकेतन, अमर ज्योति विद्या मंदिर, राजकीय बोथरा बालिका विद्यालय, अरूणोदय विद्या मंदिर, नालंदा पब्लिक स्कूल, विक्टोरियस पब्लिक स्कूल, आदर्श शिक्षा निकेतन, विक्टोरियस कॉन्वेंट स्कूल, राजकीय बांठिया बालिका विद्यालय, गोपाल बाल मंदिर तथा इंद्रा विद्यालय द्वारा प्रस्तुत की गयी प्रस्तुतियां भी एक से बढ़कर एक रहीं।


    पुरस्कार पाकर चहके बालक – बालिकाएं

    कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले सभी 311 विद्यार्थियों को करुणा साहित्य, पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। सभी सहभागी 29 करुणा क्लब स्कूल्स को स्मृति चिन्ह एवं करुणा साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निर्धारित समय तक पहुंचने एवं कार्यक्रम समापन होने तक रूकने वाले स्कूल्स को तिरंगा दुपट्टा एवं डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
    कार्यक्रम में शिरकत करने वाले सभी अतिथियों को तिरंगे दुपट्टे, करुणा साहित्य एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जिम्मेदारियों में जुटे जैन पी जी महाविद्यालय के रोवर्स मयंक पंवार, आर्यन दावड़ा, इंद्रजीत सिंह, हिमांशु जोशी, कुशाल दैया, लक्ष्य सेवग, करण सिरोही, हेमंत सुथार एवं नरेंद्र जाट, राजकीय बोथरा बालिका विद्यालय की गाइड्स राजिका राजपुरोहित, माया भूटिया, ज्योति राजपुरोहित, हर्षिता राजपुरोहित, श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सैकेंडरी स्कूल की गाइड्स दिशा राजपुरोहित व दिव्या स्वामी तथा स्काउट्स आशीष जीनगर, शुभम आसदेव,महेश बाणिया, निर्मन्यु राजपुरोहित, विनायक राजपुरोहित, लोकेश बाणिया व कपिल बाणिया को भी प्रशस्ति पत्र एवं करुणा साहित्य भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।

    डिसेंट किड्स की कक्षा 6 की छात्रा अश्लेषा खैरीवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत तिलक निकालकर किया।

    2023 के श्रेष्ठ करुणा क्लब्स का किया अभिनंदन

    इस मौके पर गत वर्ष 2023 में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत तीन करुणा क्लब्स का अभिनंदन किया गया। नालंदा पब्लिक स्कूल एवं प्रभात बाल मंदिर को उत्कृष्ट करुणा क्लब के अंतर्गत नेशनल अवार्ड मिलने पर अभिनंदन किया गया। इन दोनों स्कूल्स को अवार्ड, सर्टिफिकेट एवं 11 हजार रुपये से 31 दिसंबर 2023 को चैन्नई में करुणा इंटरनेशनल के राष्ट्रीय अधिवेशन में सम्मानित किया गया था। इसी तरह से इसी कार्यक्रम में शांति विद्या निकेतन को नेशनल लेवल पर एप्रीसिएट पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। स्पंदन के दौरान बीकानेर केंद्र की तरफ से तीनों विद्यालयों के करुणा क्लब्स का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बीकानेर केंद्र को राष्ट्रीय स्तर पर मिले उत्कृष्ट अवार्ड को बीकानेर के सभी सक्रिय करुणा क्लब्स को समर्पित किया गया।


    जतनलाल दूगड़ का हुआ सेवा अभिनंदन

    करुणा इंटरनेशनल संस्था के प्रणेता व समाजसेवी जतनलाल दूगड़ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनका सेवा अभिनंदन किया गया। सेवा अभिनंदन के अंतर्गत शाल, मोतियों की माला एवं अभिनंदन पत्र से 9 विद्यालयों की तरफ से गिरिराज खैरीवाल, घनश्याम साध, प्रभुदयाल गहलोत, रमेश बालेचा, सौरभ बजाज, जितेन्द्र बालेचा, डॉ. नीलम जैन, अनुराधा जैन एवं मुकेश पांडेय ने सम्मान किया। अभिनंदन पत्र का वाचन डॉ. कुमार गणेश ने किया। अनुराधा जैन ने संस्कृत श्लोक के वाचन से श्री दूगड़ को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
    इस अवसर पर श्री दूगड़ ने कहा कि इस सेवाभिनंदन लेख में उल्लेखित समस्त गुणों को आत्मसात करने का उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।


    इन सब के विशिष्ट सहयोग से ही स्पंदन ने किया प्रभावित

    कार्यक्रम का कुशल मंच संयोजन राकेश कुमार जोशी ने किया। करुणा इंटरनेशनल संस्था, बीकानेर के कोषाध्यक्ष संपतलाल दूगड़, निदेशक शांतिलाल बोथरा, इंद्रा बालेचा, रामचंद्र आचार्य, भंवरी देवी, हरिनारायण आचार्य, मनोज सिंगला, मनोज आचार्य, कमलचंद बाणिया, राणसिंह राजपुरोहित, केवलचंद भूरा, सवाईसिंह राजपुरोहित, विनोद रामावत, महावीर जैन, इंद्राज प्रजापत, आशा शर्मा, कुमकुम गहलोत, सरिता उपाध्याय, वर्षा चौहान, गुनगुन सोनगरा, चित्रा मारु, काजल कंसारा, डोली दूगड़, अनिता भार्गव और पवन अग्रवाल इत्यादि ने विभिन्न व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से संपादित किया।

    टी एम आडिटोरियम में पैर रखने तक की नहीं थी जगह

    कार्यक्रम का समय दो बजे रखा गया था और सवा दो बजे तक आडिटोरियम की सभी सीट्स फुल हो गयी और ढाई बजे तक आडिटोरियम का कोना खचाखच भर गया। ये सभी उपस्थित जन कार्यक्रम समापन होने तक जमे रहे।

  • 2023 के प्रतिष्ठित अणुव्रत पुरस्कारों की घोषणा

    अणुव्रत पुरस्कार : रतन टाटा

    अणुव्रत लेखक पुरस्कार : इकराम राजस्थानी

    अणुव्रत गौरव पुरस्कार : डालचंद कोठारी

    जीवन विज्ञान सम्मान : राकेश खटेड़

    बीकानेर। एक अहिंसक और शान्तिप्रिय समाज के निर्माण के उद्देश्य से गत सात दशकों से कार्यरत अणुव्रत आन्दोलन की प्रतिनिधि संस्था अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी (अणुविभा) ने विभिन्न क्षेत्रों में दिए जाने वाले पुरस्कारों – सम्मानों की घोषणा की है। वर्ष 2023 में सोसाइटी का सबसे प्रतिष्ठित ‘‘अणुव्रत पुरस्कार-2023‘‘ जाने माने उद्योगपति व समाजसेवी रतन टाटा को दिया जायेगा। पुरस्कार की घोषणा करते हुए अणुविभा के अध्यक्ष अविनाश नाहर ने बताया कि रतन टाटा को मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, सादगीपूर्ण जीवनशैली एवं नैतिक मूल्यों के प्रति निष्ठा के लिये यह पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। इससे पूर्व पूर्व राष्ट्रपति डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम एवं डॉ. शंकरदयाल शर्मा, पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह एवं गुलजारी लाल नंदा, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधिपति जस्टिस जी.एस.सिंघवी, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन, लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष शिवराज पाटिल प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. आत्माराम इत्यादि को अणुव्रत पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इस पुरस्कार के अन्तर्गत डेढ़ लाख रु का चैक, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किया जाता है। इसी के साथ वर्ष 2023 के लिये अणुव्रत लेखक पुरस्कार, अणुव्रत गौरव सम्मान एवं जीवन विज्ञान पुरस्कार की भी घोषणा कर दी गई है।

    मूल्य आधारित लेखन के लिये वरिष्ठ साहित्यकार गीतकार, रेडियो उद्घोषक एवं वर्तमान में पं. जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य अकादमी जयपुर के अध्यक्ष इकराम राजस्थानी को ‘‘अणुव्रत लेखक पुरस्कार-2023’’ प्रदान किया जायेगा। इस पुरस्कार के अंतर्गत जिसमें 51 हजार का चैक, स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जायेंगे। अणुव्रत आन्दोलन को अपनी सुदीर्घ व समर्पित सेवाएं प्रदान करने हेतु अणुव्रत कार्यकर्ता व अणुव्रत महासमिति के पूर्व अध्यक्ष डालचंद कोठारी को ‘‘अणुव्रत गौरव सम्मान-2023‘‘ प्रदान किया जायेगा। इस पुरस्कार के अंतर्गत स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। अणुव्रत आन्दोलन के ही एक प्रकल्प नई पीढ़ी के सन्तुलित विकास हेतु विकसित किये गये जीवन विज्ञान कार्यक्रम को अपनी सेवाओं के लिये दक्ष प्रशिक्षक राकेश खटेड़, चेन्नई को ‘‘जीवन विज्ञान पुरस्कार-2023’’ प्रदान किया जायेगा। अणुविभा के महामंत्री भीखम सुराणा ने ये जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी पुरस्कार मुम्बई में अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण के सान्निध्य में प्रदान किये जाने प्रस्तावित हैं।

  • इस दिन से शुरू होंगे वर्तमान सत्र 2023-24 के आरटीई भौतिक सत्यापन

    दीपावली अवकाश से पहले सभी स्कूल्स का फिजीकल वेरीफिकेशन करने की कवायद

    सत्र 2022-23 की द्वितीय किश्त के क्लेम बिल डीईओ लॉगिन में नहीं हो रहे शो

    सत्र 2022-23 पहली किश्त के हजारों बिल्स कर रहे हैं इसीएस का इंतजार

    बीकानेर। आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 के भौतिक सत्यापन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाने लगा है, लेकिन सत्र 2022-23 के भुगतान की प्रक्रिया अभी आधी भी पूरी नहीं हो सकी है। सत्र 2022-23 की द्वितीय किश्त के क्लेम बिल पी एस पोर्टल पर तो शुरू हो गये हैं लेकिन डीईओ लॉगिन में अभी ये बिल शो ही नहीं हो रहे हैं। सत्र 2022-23 की प्रथम किश्त का भुगतान अब तक 50% स्कूल्स को भी नहीं हो सका है। पिछले वर्ष सहित गत वर्षों का भुगतान भी हजारों स्कूल्स का बकाया पड़ा है लेकिन प्राईवेट स्कूल्स के संगठनों द्वारा बार बार मांग किए जाने के बाद भी भुगतान करने में वित्त विभाग कोई रूचि नहीं दिखा रहा है। हजारों बिल केवल ईसीएस की स्वीकृति के कारण अटके हुए हैं।

    उधर शिक्षा विभाग ने शीघ्र ही भौतिक सत्यापन कराने की तैयारी शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक शिक्षा विभाग 20 अक्टूबर 2023 तक भौतिक सत्यापन संबंधित ट्रैंनिंग इत्यादि का कार्य पूरा करने की कवायद में जुटा हुआ है। ट्रेनिंग का कार्य कंप्लीट होते ही भौतिक सत्यापन दल स्कूल्स में जाकर सत्यापन कार्य करना शुरू कर देंगे। शिक्षा विभाग की मंशा है कि दीपावली का अवकाश होने से पहले सभी स्कूल्स का फिजीकल वेरीफिकेशन करवा दिया जाए।

  • शिक्षाविद रामनारायण स्वामी की प्रेरणास्पद ऊंचाइयों के प्रति नतमस्तक होकर समाज के हर वर्ग ने दी उन्हें श्रद्धांजलि

    बीकानेर। शिक्षाविद एवं आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के संस्थापक स्वर्गीय रामनारायण स्वामी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित होटल पाणिग्रहण में किया गया। वानप्रस्थ साधक आश्रम, रोजड़, गुजरात के मुख्य ट्रस्टी मुनि सत्यजीत, गुरुकुल पीलूखेड़ी के आचार्य धर्मदेव, श्री लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवबाडी़ के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद गिरि महाराज, वैदिक धर्म प्रचारक – प्रसारक आचार्य रविशंकर, ईसीबी के एसोसिएट प्रोफेसर एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. गौरव बिस्सा, बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पच्चीसिया, साहित्यकार एवं पत्रकार हरीश बी. शर्मा, पैपा के प्रदेश समन्वयक एवं पत्रकार गिरिराज खैरीवाल, सिंथेसिस के डायरेक्टर मनोज बजाज, बीकानेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष भवानीशंकर जोशी, जार के अध्यक्ष श्याम मारू, पर्यावरण पोषण यज्ञ समिति के ओमप्रकाश मोदी, भारत विकास परिषद के योगेंद्र भाटी, शिक्षाविद मोहरसिंह यादव, अनंतवीर जैन, रांकावत समाज के पदाधिकारी किशन कुमार स्वामी, मुरादाबाद से पधारी नीलम गौतम, आरएसवी स्कूल की ओर से रविंद्र भटनागर, स्वामी आरएन स्कूल की ओर से बिंदु बिश्नोई इत्यादि ने स्मृति शेष रामनारायण स्वामी के शैक्षणिक – सामाजिक – सांस्कृतिक व आध्यात्मिक क्षेत्र में दिए गए अविस्मरणीय व प्रेरणास्पद योगदान को याद करते उनके बताए मार्ग पर चलने हेतु आह्वान किया। स्व. स्वामी की सुपुत्री नर्मदा शर्मा एवं आरएसवी ग्रुप आफ स्कूल्स के सीएमडी सुभाष स्वामी ने पूरे परिवार द्वारा अपने पिता के बताए पथ पर चलने हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर अनेक आश्रमों, संस्थाओं व प्रतिष्ठित शख्सियतों की शब्दांजलि का वाचन भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन के साथ हुई। श्रद्धांजलि सभा में नगर के शिक्षाविद, समाजसेवी, पत्रकार, उद्योगपति इत्यादि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन शरीक हुए। आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थी तथा समस्त स्टाफ ने भी अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन ऋतु शर्मा ने किया।

  • प्राईवेट स्कूल पोर्टल पर छात्रवृत्ति सहित अनेक लाभकारी योजनाओं के माड्यूल शुरू

    नया शुरू परीक्षा परिणाम मॉड्यूल स्कॉलरशीप के लिए है, शीघ्र ही छात्रवृत्ति मॉड्यूल भी होगा शुरू

    बीकानेर। अब प्राईवेट स्कूल्स के विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति इत्यादि लाभकारी योजनाओं हेतु परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और न ही विभाग या आनलाइन आवेदन के लिए चक्कर काटने पड़ेंगे। शिक्षा विभाग ने लाभकारी योजनाओं से स्टूडेंट्स को सीधे जोड़ने हेतु पी एस पी पर पिछले सप्ताह से तैयारी शुरू कर दी है। विभाग लंबे समय से इस तरह की कवायद में जुटा हुआ था। इसके लिए पोर्टल पर नया माड्यूल जारी कर दिया गया है।
    नए शुरू किए गए परीक्षा परिणाम मॉड्यूल के माध्यम से गत सत्र 2022-23 के परीक्षा परिणाम को आनलाइन किया जाना है। इसी सप्ताह स्कालरशीप मॉड्यूल भी पोर्टल पर शुरू कर दिया जाएगा। इन दोनों मॉड्यूल्स को आपस में अटैच किया जा रहा है। जिससे छात्रवृत्ति या लाभकारी योजनाओं हेतु पात्र स्टूडेंट्स का विवरण पोर्टल पर दिखने लगेगा और सिंगल क्लिक द्वारा पात्र स्टूडेंट्स के आवेदन किए जा सकेंगे।
    विदित रहे कि गत वर्ष अक्टूबर के अंत में बीकानेर संभांग की बजट पूर्व चर्चा में प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने सरकारी लाभकारी योजनाओं में हो रहे भेदभाव को बंद करने एवं इस हेतु शाला दर्पण की तरह पी एस पी पर भी अलग से मॉड्यूल शुरू किये जाने का सुझाव प्रस्तुत किया था और मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को बजट के दौरान लागू करने की घोषणा की थी और उसी की पालना में यह कार्य हो रहा है। इस संबंध में 30 सितंबर 2023 को शिक्षा निदेशक कानाराम द्वारा परिपत्र जारी किया जा चुका है और उसकी पालना में विभिन्न डीईओ द्वारा भी अपने अपने जिलों में प्राईवेट स्कूल्स को परीक्षा परिणाम माड्यूल की पूर्ति करने एवं विद्यार्थी विवरण को अच्छी तरह से पूरा करने हेतु निर्देशित किया है। गौरतलब हो कि परीक्षा परिणाम मॉड्यूल छात्रवृत्ति के लिए शुरू किया गया है, न कि परीक्षा परिणाम को आनलाइन किया गया है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वे इसी सत्र से रिज़ल्ट को आनलाइन करने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं।

  • निजी शिक्षण संस्थानों को एकजुटता के लिए परस्पर सहयोग – समन्वय से काम करने की महती आवश्यकता

    निजी शिक्षण संस्थानों के प्रति सरकार की दोहरी नीति अनुचित : राणावत

    निजी शिक्षण संस्थाओं की स्थिति बहुत गंभीर : डॉ. कर्णावट

    भगवान सबको सुधारे पर शुरूआत मुझ से करे : खैरीवाल

    नाना गांव में आयोजित हुआ पाली जिला प्राईवेट स्कूल्स का एक दिवसीय सम्मेलन

    पाली। पाली के बाली तहसील स्थित नाना गांव की उदय बाल विद्या मंदिर में पाली जिले की निजी स्कूल्स का एक दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। रविवार, 1 अक्टूबर को लगभग 5 घंटे तक निजी शिक्षण संघ, बाली की अगुवाई में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में बाली के विधायक पुष्पेंद्रसिंह राणावत बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार निर्माण में निजी शिक्षण संस्थानों का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि शिक्षित व समृद्ध समाज का निर्माण कर शिक्षक राष्ट्र निर्माण में अपनी महती भूमिका निभा रहे हैं। राणावत ने कहा कि प्राईवेट स्कूल्स को सरकार द्वारा समय पर आरटीई का भुगतान नहीं करना तथा इनके साथ सौतेला व्यवहार करना अनुचित है। विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने उद्बोधन में इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद डॉ. महेन्द्र कर्णावट ने कहा कि वर्तमान समय में निजी विद्यालयों की स्थिति बहुत गंभीर है। हमें आपस में एकजुट होकर व साथ मिलकर आने वाली चुनौतियों से निपटना होगा। आने वाले समय में जो बदलाव हो रहे हैं, शिक्षा नीति में जो परिवर्तन आ रहे हैं, इसका अध्ययन करके उसके अनुसार चलना पड़ेगा।

    विशिष्ट अतिथि प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूशंस रेगुलेटरी एलायंस (पैपा) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि प्रत्येक विद्यालय संचालक को अपनी स्वयं की भूमिका निश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल्स की समस्याओं के प्रति सरकारों द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने में संगठनों से ज्यादा स्कूल संचालक दोषी हैं क्योंकि वे संगठनों को किसी भी तरह से प्रोत्साहित नहीं करते हैं, न ही संगठनों के आह्वान पर अपनी सहभागिता निश्चित करते हैं और किसी भी तरह से आर्थिक सहायता के लिए भी तैयार नहीं रहते हैं। उन्होंने उपस्थित निजी शिक्षण संस्थाओं के संचालकों से आह्वान किया कि “भगवान सबको सुधारे पर शुरूआत मुझ से करे…” के भाव के साथ संगठनों के प्रति तत्पर रहने से ही सभी का भला संभव हो सकेगा। जब सभी अपनी अपनी भूमिका, अपना अपना योगदान देंगे तभी निजी शिक्षण संस्थानों की एकजुटता प्रदर्शित हो सकेगी। अध्यक्षता बद्रीनाथ धाम की आनंद माताजी ने की। इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष के. एन. भाटी, जालौर, राजस्थान प्राईवेट एज्यूकेशन महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा, अजमेर, स्कूल क्रांति संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मदनलाल वर्मा, झालावाड़, जोधपुर प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरपत सिंह शेखावत, पाली जिला प्राईवेट शिक्षण संस्था समिति के संरक्षक कृष्ण कुमार शर्मा, अध्यक्ष प्रदीप दवे एवं उपाध्यक्ष जयशंकर त्रिवेदी इत्यादि ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने अपने विचार व्यक्त किए। सुमेरपुर ब्लाक के अध्यक्ष पन्नालाल, देसूरी ब्लाक के अध्यक्ष मोहन सिंह, रोहिट ब्लाक के अध्यक्ष गोपाराम पटेल, मारवाड़ जंक्शन ब्लाक के अध्यक्ष जसवंत सिंह एवं पाली ब्लाक के अध्यक्ष कानाराम इत्यादि सहित बड़ी संख्या में पाली जिले की प्राईवेट स्कूल्स के संचालक इस मौके पर उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम के संयोजक एवं निजी शिक्षण संघ, बाली के अध्यक्ष प्रताप सिंह भाटी के मुताबिक पाली जिले के संरक्षक कृष्ण कुमार शर्मा, अध्यक्ष प्रदीप कुमार दवे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयशंकर त्रिवेदी व सचिव पुखराज शर्मा के विशेष सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सका। पीएसबी कॉलेज, पीएसबी सीनियर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल एवं उदय बाल विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, नाना की छात्राओं ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में स्काउट्स स्टूडेंट्स ने विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाला। डायनोस एज्यूकेशन इंडिया द्वारा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए सभी संभागियों को डॉक्यूमेंट फाईल्स भेंट की गयी।

    इस अवसर पर सभी अतिथियों का साफे एवं दुपट्टे द्वारा स्वागत किया गया तथा सभी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले सभी अतिथियों एवं संभागियों के उदय बाल विद्या मंदिर परिसर में प्रवेश होते ही तिलकार्चन एवं ढोल नगाड़े बजाकर जोश भरा अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में निजी स्कूलों को एकजुट होकर परस्पर सहयोग – समन्वय से काम करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

  • हमें अच्छा इंसान बनने के लिए तत्पर रहना चाहिए : संचय जैन

    ऑनलाइन सेशन बच्चों के नॉलेज को बढ़ाने में सहायक : डॉ. नीलम जैन

    बीकानेर। अणुव्रत विश्व भारती के निवर्तमान अध्यक्ष व अणुव्रत अमृत महोत्सव के राष्ट्रीय संयोजक संचय जैन ने रानी बाजार, चौपड़ा कटला स्थित सेमूनो इंटरनेशनल टेक्नो स्कूल के विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद करते हुए उन्हें सुनागरिक बनने की प्रभावी सीख दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में बुरा इंसान कोई नहीं बनना चाहता। लेकिन हम अच्छे इंसान कैसे बनें, हमें इस पर विचार करना चाहिए। जीवन में खूब पढ़ें, आगे बढ़ें, लेकिन पढ़ाई के परिणामों को कभी भी अपने ऊपर हावी न होने देना। उन्होंने उन सभी शिक्षकों का आभार ज्ञापित किया, जो स्टूडेंट्स को सुयोग्य नागरिक बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बाल – जिज्ञासाओं का समाधान भी बताया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि क्या वे क्रोध करते हैं? क्रोध करते हैं तो क्या वजह होती है? क्रोध करने से क्या होता है? गुस्सा आने पर आप किस तरह रिएक्ट करते हैं? बाद में उन्होंने इन सभी सवालों के जवाब भी प्रस्तुत किए।


    इस दौरान उन्होंने पर्यावरण के प्रति सजगता और जागरुकता के लिए कार्य करने की सीख भी बच्चों को दी। सेमूनो इंटरनेशनल टेक्नो स्कूल की निदेशिका डॉ. नीलम जैन ने कहा कि इस तरह के सेशन से बच्चों का व्यवहारिक विकास होता है और सामान्य ज्ञान भी बढ़ता है।

    डॉ. नीलम जैन ने बताया कि करीब दो घंटे तक चली ऑनलाइन सेशन को स्कूल के सभी शिक्षकों ने अटैंड किया। ऑनलाइन वेबिनार का संचालन सोनम सुराणा ने किया और धन्यवाद ज्योति मिश्रा ने ज्ञापित किया।

  • बीकानेर के शिक्षाविद – पत्रकार गिरिराज खैरीवाल ने अंतरराष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन में किया सक्रिय संभागित्व – मिला सम्मान

    देश विदेश के 300 से अधिक शिक्षाविदों – साहित्यकारों – पत्रकारों इत्यादि ने किया सक्रिय संभागित्व

    ज्ञानायाम के उत्कृष्ट कार्य की हुई प्रशंसा

    बीकानेर। विश्व हिन्दी परिषद द्वारा 20-21 सितंबर 2023 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 115 वीं जयंती के सुअवसर पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन में बीकानेर के शिक्षाविद – पत्रकार गिरिराज खैरीवाल को सम्मानित किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री एस. के. सिंह बघेल ने खैरीवाल को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

    भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद (आईसीपीआर), राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस), भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर), रूरल इलेक्ट्रीफिकेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड एवं राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम लिमिटेड (एनबीसीसी) के सहयोग से आयोजित हुए
    इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश विदेश के लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकारों, शिक्षाविदों, विश्व विद्यालययी कुलपतियों, उपकुलपतियों, प्रवक्ताओं, महाविद्यालययी प्राचार्यों, व्याख्याताओं, स्कूली प्राचार्यों, निदेशकों, प्राध्यापकों, अध्यापकों, पत्रकारों इत्यादि सहित लगभग 300 हिन्दी के प्रबल समर्थकों ने सक्रिय संभागित्व किया।

    मणिपुर की राज्यपाल महामहिम सुश्री अनुसूइया उई, सिक्किम के राज्यपाल महामहिम श्री लक्ष्मण आचार्य, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री एस के सिंह बघेल, पूर्व सांसद अरुण कुमार, उतर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, परमार्थ निकेतन आश्रम, ऋषिकेश के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज एवं साध्वी भगवती सरस्वती, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार, रामधारी सिंह दिनकर के पौत्र अरविंद कुमार सिंह, ग्लोबल ओपन यूनिवर्सिटी, नागालैंड के कुलाधिपति प्रो प्रियरंजन त्रिवेदी, पद्मश्री तारादेवी, उपभोक्ता एवं खाद्य मंत्रालय के अपर सचिव आई ए एस शांतमनु, भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद के सदस्य सचिव प्रो सच्चिदानंद मिश्र, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के पूर्व कुलपति डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, एनआईओएस की अध्यक्ष प्रो सरोज शर्मा, विश्व हिन्दी परिषद के अध्यक्ष विनय भारद्वाज, महासचिव डॉ. बिपिन कुमार, सह संयोजक दीपक ठाकुर, आज तक न्यूज़ चैनल के संपादक सुधीर चौधरी,

    पंजाब केसरी की सीएमडी किरण चौधरी, इग्नू के हिन्दी विभाग के प्रोफेसर नरेंद्र मिश्र, चेन्नई केंद्रीय विश्वविद्यालय, चेन्नई के प्रोफेसर राजरत्नम, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रामनारायण पटेल एवं प्रो अनिल राय, पी जी सेंटर, मधेपुरा, बिहार के अध्यक्ष डॉ. सिद्धेश्वर कश्यप, जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर महेंद्रपाल शर्मा, केंद्रीय हिन्दी संस्थान, दिल्ली की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मंजुराय, कोल्हापुर विश्वविद्यालय, महाराष्ट्र के हिन्दी विभाग के अध्यक्ष प्रो अर्जुन चव्हाण, वरिष्ठतम साहित्यकार – इतिहासकार डॉ. सी एल सोनकर, शिक्षाविद डॉ. वेदप्रकाश, प्रो श्रीनिवास त्यागी, प्रो. संध्या वात्स्यायन, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. प्रतिभा राणा, प्रो तृप्ता, डॉ. अनामिका, डॉ. भावना शुक्ल, डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. जंगबहादुर पांडेय, प्रो. मार्कंडेय राय, डॉ. दीनदयाल, सिम्मी राठौड़ (लंदन), कवयित्री सुनीता कंवर (जैसलमेर) दिनेश जिंदल, बिपिन कुमार (गया, बिहार), ममता चौधरी (मेरठ) सहित अनेक प्रतिष्ठित प्रबुद्ध जनों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान ज्ञानायाम के संबंध में गिरिराज खैरीवाल ने विशेष जानकारी दी। अनेक विद्वान जनों को खैरीवाल ने ज्ञानायाम के विशेषांकों की प्रतियां भी भेंट की।

  • आसमां ने जीते गोल्ड व सिल्वर मैडल

    बीकानेर। डिसेंट किड्स की कक्षा – 8 वीं की छात्रा आस्मां फातिमा ने वेटलिफ्टिंग – 14 वर्ष में सिल्वर मैडल हासिल किया है। आसमां ने खेलो इंडिया के अंतर्गत इसी खेल में राज्य स्तरीय मुकाम प्राप्त किया है। छात्रा की इस उपलब्धि पर शाला परिवार ने प्रसन्नता प्रकट करते आसमां के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

  • श्री गोपेश्वर विद्यापीठ के गौरव पुरोहित ने बॉक्सिंग में गोल्ड मैडल जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में किया स्थान पक्का

    रानी पुरोहित ने जीता सिल्वर मैडल

    बीकानेर। ब्लॉसम इंटरनेशनल सी. सै. स्कूल के तत्वावधान में आयोजित 67 वीं जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता(17 वर्ष) – 2023-24 के बालक वर्ग में श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सैकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी गौरव पुरोहित ने स्वर्ण पदक जीता है। अब गौरव राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बीकानेर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

    इसी तरह से बालिका वर्ग में विद्यापीठ की छात्रा रानी पुरोहित ने सिल्वर मैडल जीता है। विद्यापीठ की प्रधानाध्यापिका भंवरी देवी ने बताया कि दोनों स्टूडेंट्स को शीघ्र ही स्कूल द्वारा भी सम्मानित किया जाएगा।