हल्दीराम एज्यूकेशनल सोसाइटी का एक और सराहनीय कदम

बीकानेर के मूक बधिर विद्यालय के लिए पचास लाख रुपए उपलब्ध करवाएगी सोसाइटी

शिक्षा मंत्री के आह्वान पर सोसायटी के चेयरमैन ने दी सहमति

बीकानेर, 28 जनवरी। हल्दीराम एज्यूकेशनल सोसाइटी द्वारा बीकानेर के मूक बधिर विद्यालय के विभिन्न विकास कार्यों एवं आईसीटी लैब के लिए 50 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई है। सोसाइटी के प्रतिनिधि रमेश कुमार अग्रवाल के मुताबिक इस संबंध में राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ बी डी कल्ला ने सोसायटी के चेयरमैन मनोहर लाल अग्रवाल से दूरभाष पर शिक्षा संबंधित नवाचारों में सोसायटी के योगदान को उल्लेखनीय बताते हुए राजकीय मूक बघिर विद्यालय में विभिन्न विकास कार्यों और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सहयोग का आह्वान किया। इस पर मनोहर लाल अग्रवाल ने 50 लाख रुपए की सहायता राशि पर सहमति जताई। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस राशि से शाला में आईसीटी लैब की स्थापना, भवन मरम्मत और सुधार, विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, स्मार्ट बोर्ड और 300 लीटर का फ्रिज उपलब्ध करवाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री के आह्वान पर सोसायटी द्वारा शहर के चार स्कूलों को गोद लिया गया है तथा इनमें आधारभूत सुविधाओं के विकास का कार्य किया जा रहा है। इनमें राजकीय महारानी स्कूल, सूरसागर स्कूल, गुरुद्वारा रानीबाजार और महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक स्कूल, मुरलीधर व्यास कॉलोनी शामिल है। सोसाइटी के प्रतिनिधि रमेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि शिक्षा मंत्री के आह्वान पर आधारभूत सुविधाओं के विकास पर लगभग 12 करोड़ रुपए व्यय हो चुके हैं। दो करोड़ रुपए और व्यय किए जाएंगे। अब डॉ. कल्ला के आह्वान पर सोसायटी द्वारा एक और पहल करते हुए मूक बघिर विद्यालय को सम्मिलित किया गया है। उन्होंने बताया कि सोसायटी द्वारा इन स्कूलों में किए जा रहे कार्यों के दौरान गुणवत्ता और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

Comments

One response to “हल्दीराम एज्यूकेशनल सोसाइटी का एक और सराहनीय कदम”

  1. Shane Hollyfield Avatar

    It’s onerous to search out knowledgeable folks on this subject, but you sound like you recognize what you’re talking about! Thanks

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *