Category: Uncategorized

  • दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम संबंधित बड़ा खुलासा, सिरफिरे की हरकत नहीं हो सकी कामयाब

    अगले सप्ताह जारी होगा परिणाम

    बीकानेर। किसी सिरफिरे ने शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला के नाम से दसवीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम संबंधित फेक ट्वीट सोशल मीडिया पर साझा कर दिया और यह वायरल भी हो गया। शुक्रवार शाम से ही शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला के नाम से एक ट्विट सोशल मीडिया पर घूम रहा था। ज्ञानायाम ने इस ट्वीट की पड़ताल की तो इसे फेक पाया। ज्ञानायाम द्वारा इस संबंध में शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला एवं बोर्ड सचिव मेघना चौधरी से दूरभाष पर वार्ता की गयी। डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि वे 25 मई को ही कह चुके हैं कि बोर्ड का कक्षा दसवीं का परिणाम जून के पहले सप्ताह में जारी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके नाम से चल रहा ट्वीट फर्जी है और यह किसी शरारती तत्व की हरकत है। उन्होंने कहा कि इसकी उचित तरीके से जांच हेतु निर्देशित कर दिया गया है। बोर्ड सचिव मेघना चौधरी ने बताया कि अगले सप्ताह से पहले रिजल्ट जारी करना संभव नहीं है। बोर्ड द्वारा एक सप्ताह बाद परिणाम जारी किए जाने की कोशिश की जा रही है।

  • 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धरे गए एडीईओ

    भरतपुर। सेवारत तृतीय श्रेणी शिक्षक के सेवा संबंधित संशोधित आदेश निकालने की एवज में घूस लेना अतिरिक्त जिला अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा), भरतपुर को महंगा पड़ गया। जयपुर में पदस्थापित तृतीय श्रेणी शिक्षक की शिकायत पर धौलपुर एसीबी ने यह कार्रवाई की तथा एडीईओ सुनील अग्रवाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। संबंधित टीचर ने एसीबी के जयपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी, जिस पर जयपुर कार्यालय द्वारा धौलपुर एसीबी को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

    मिली जानकारी के मुताबिक परिवादी शिक्षक जयपुर में सेवारत है और कोर्ट के आदेश से भरतपुर आ गया। जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर दयाल बंसल द्वारा 28 अगस्त 2022 को जारी आदेश में संबंधित टीचर को प्रोविजनल पीरियड दुबारा करने के लिए निर्देशित किया गया था। बाद में एक आदेश 10 मई 2023 को भी जारी हुआ। ये दोनों आदेश लेकर टीचर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचा। वहाँ उसने एडीईओ सुनील अग्रवाल को दोनों आदेश प्रस्तुत किए। दोनों आदेश देखकर एडीईओ अग्रवाल ने संशोधित आदेश की एवज में आठ हजार रुपये की रिश्वत मांगी। एडीईओ ने संबंधित टीचर को कहा कि कार्यालय में नई चेयर्स की आवश्यकता है और इस लिए संशोधित आदेश निकालने हेतु आठ हजार रुपये देनें होंगे। इसके बाद टीचर ने जयपुर एसीबी में शिकायत दर्ज करायी। जिसके सत्यापन हेतु बुधवार को एसीबी धौलपुर ने कार्रवाई की और एडीईओ को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।

  • पांचवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम इसी सप्ताह जारी करने की कवायद

    बीकानेर। पंजीयक, शिक्षा विभागीय परीक्षाएं द्वारा डाईट्स के माध्यम से ली गई पांचवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम इसी सप्ताह जारी करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इस परीक्षा में लगभग 14 लाख परीक्षार्थियों ने पहली बार बोर्ड परीक्षाएं दीं हैं। हालांकि आरटीई के नियमानुसार किसी भी परीक्षार्थी को फेल नहीं किया जा सकेगा।

    मिली जानकारी के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है और अब बच्चों के प्राप्तांक वेबसाइट पर युद्ध स्तर पर अपलोड किए जा रहे हैं। कुछ एक डाईट्स के अलावा सभी ने मार्क्स अपलोड करने का कार्य संपन्न कर दिया है।

    ये भी जानकारी मिली है कि पांचवी बोर्ड परीक्षा का परिणाम शिक्षा मंत्री डॉ.बी. डी. कल्ला द्वारा बीकानेर से घोषित किए जाने की कोशिश की जा रही है। ये भी सुनने में आ रहा है कि पांचवीं बोर्ड का परिणाम आठवीं बोर्ड की तुलना में बेहतर रखने की कवायद हो रही है।

  • बारहवीं आर्ट्स का परिणाम जारी करने की तैयारी पूरी

    अगले दो दिन में कभी भी जारी हो सकता है परिणाम

    31 मई तक दसवीं के परिणाम की पुरजोर कोशिश कर रहा है बोर्ड

    अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर ने बारहवीं के आर्ट्स के परिणाम की तैयारी पूरी कर ली है। मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार या गुरुवार को परिणाम जारी किया जा सकता है।

    शिक्षा मंत्री डॉ.बी. डी. कल्ला द्वारा परिणाम जारी किए जाने की जानकारी मिली है। 6.80 लाख स्टूडेंट्स बारहवीं आर्ट्स की परीक्षा में इस वर्ष सम्मिलित हुए हैं।

    शुक्रवार की रात्रि में विज्ञान व वाणिज्य का परिणाम बोर्ड जारी कर चुका है। बोर्ड के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार बोर्ड कक्षा दसवीं का परिणाम भी 31 मई तक जारी करने की पुरजोर कोशिश में है।

  • बहुत याद आएंगे राजपाल जी

    जयपुर में ली अंतिम सांस

    बीकानेर। शिक्षा विभाग में हर किसी की किसी भी तरह की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने वाले शिक्षक राजपाल अघाना का असामयिक देहावसान हो गया है। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे। सोमवार रात में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी अंतिम यात्रा सुबह ११ बजे उनके निवास स्थान से रानी बाजार पट्टी पेड़ा के पास स्थित गुर्जर समाज श्मशान गृह हेतु प्रस्थान करेगी। उनके असामयिक देहावसान पर अनेक शिक्षक संघों ने संवेदनाएं व्यक्त की हैं। प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने बताया कि वे जिंदादिल और नेक इंसान थे। उन्होंने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है। खैरीवाल ने उनकी आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना ईश्वर से की है। शिक्षाविद महेंद्र पांडे, रमेश सैनी, कृष्ण कुमार स्वामी, राकेश पंवार, तरविंद्र सिंह कपूर इत्यादि ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

  • प्रेरणा और महक ने सूरज बाल बाड़ी का फहराया परचम, दोनों छात्राओं ने जिले के पहले दोनों स्थान किए हासिल

    विज्ञान वर्ग में सूरज बाल बाड़ी का वर्चस्व कायम

    विजय रैली निकालकर किया छात्राओं को प्रोत्साहित

    बीकानेर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा 18 मई 2023 को घोषित कक्षा 12 वीं के विज्ञान वर्ग के परीक्षा परिणाम में श्री सूरज बाल बाड़ी उच्च माध्यमिक विद्यालय की दो छात्राओं ने बीकानेर जिले में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया है।
    विद्यालय की प्रेरणा मंडाल ने 97.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बीकानेर में टॉप किया है। इसी प्रकार महक वर्मा ने 96.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर बीकानेर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार स्वामी ने बताया कि दोनों ही बालिकाएं बचपन से ही इसी स्कूल की स्टूडेंट्स हैं। स्वामी ने बताया कि 19 मई को शाम को स्कूल परिसर से दोनों स्टूडेंट्स के साथ विजय रैली निकाली गई तथा स्कूल परिसर में छात्राओं को सम्मानित किया गया। रैली स्कूल से रवाना हो कर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए स्कूल में आकर संपन्न हुई। रास्ते में अनेक जगहों पर दोनों स्टूडेंट्स का स्वागत सत्कार किया जाता रहा। उन्होंने प्रसन्नता के साथ बताया कि दोनों स्टूडेंट्स की इस अभूतपूर्व कामयाबी का जश्न मनाया जाएगा और शीघ्र ही इनका सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्था का विज्ञान वर्ग का परिणाम शत प्रतिशत रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था नीट की तैयारी भी निशुल्क रूप से करवा रही है। स्वामी ने बताया कि संस्था कॉमर्स का परिणाम भी सर्वोत्तम रहा है।

  • संशोधन के बाद अब इस तरह की रहेगी आरटीई की प्रवेश प्रक्रिया, लॉटरी का समय निर्धारित

    पीपी 4+ एवं पीपी 5+ में प्रवेश प्रक्रिया में संशोधन

    जयपुर। आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 की लॉटरी 19 मई 2023 को एनआईसी द्वारा निकाली जाएगी। लॉटरी के लिए सुबह 9 बजे का समय प्रस्तावित किया गया है। एक साथ चार कक्षाओं में प्रवेश देने की प्रक्रिया के विरोध एवं कोर्ट के आदेश के कारण 20 अप्रैल को निकलने वाली लॉटरी स्थगित कर दी गई थी। आंशिक संशोधन के साथ अब लॉटरी ठीक 30 दिनों बाद शुक्रवार को निकाली जा रही है। इस संबंध में 15 मई को शिक्षा विभाग ने संशोधित टाईम फ्रेम जारी करते हुए लॉटरी हेतु 19 मई तारीख तय की थी। इस एक माह की अवधि में जहाँ प्राईवेट स्कूल्स वाले तरह तरह के कयास लगा रहे थे वहीं अभिभावक भी पशोपेश में थे। असमंजस की स्थिति के बादल शुक्रवार सुबह लॉटरी निकलते ही छंट जाएंगे और नयी प्रवेश प्रक्रिया भी स्पष्ट हो जाएगी।

    ये संशोधन किए गए हैं

    जो संशोधन किए गए हैं उनके मुताबिक सत्र 2022-23 में प्री प्राईमरी क्लासेज में प्रवेश होने के बाद भी प्रवेश से वंचित रहे स्टूडेंट्स को लॉटरी में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा पी पी 4+ एवं पी 5+ में आरटीई प्रवेश प्रक्रिया में संशोधन किया गया है। संशोधित प्रवेश प्रक्रिया के अनुसार इन कक्षाओं में उसी विद्यालय की पिछली कक्षा से प्रमोट होकर आने वाले बच्चों पर आरटीई के अंतर्गत प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन कक्षाओं में सत्र 2023-24 में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के मुताबिक आरटीई के अंतर्गत प्रवेश देना होगा। पी पी 3+ एवं पहली में सभी नॉन आरटीई स्टूडेंट्स के आधार पर आरटीई प्रवेश दिए जायेंगे।

    नहीं किया जाएगा भुगतान

    आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 के लिए प्रवेशित होने वाले स्टूडेंट्स के लिए पुनर्भरण की कोई व्यवस्था सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा नहीं की गई है। विभाग व सरकार का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा पहली से आठवीं तक के आरटीई स्टूडेंट्स के लिए ही अनुदान दिया जाता है इसलिए राज्य सरकार यह भुगतान करने में सक्षम नहीं है। हालांकि स्कूल क्रांति संघ ओर से जयपुर हाइकोर्ट बेंच में इस संबंध में याचिका विचाराधीन है।

    विरोध की सुगबुगाहट शुरू

    शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला एवं निदेशक डॉ. गौरव अग्रवाल द्वारा आरटीई के अंतर्गत केवल एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन हेतु सिद्धांततः सहमति देने के बावजूद इस तरह से प्रवेश प्रक्रिया जारी किए जाने की जानकारी मिलते ही प्राईवेट स्कूल्स के संगठनों ने विरोध का मानस बना लिया है। स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा ने कहा कि ये सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा उनके साथ सरासर पक्षपात, अन्याय एवं धोखाधड़ी है। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल को शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला एवं 20 अप्रैल को निदेशक अग्रवाल के साथ हुई वार्ता में स्पष्ट रूप से दोनों ने ही एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन हेतु सिद्धांततः सहमति दी थी लेकिन मामूली सा संशोधन किया है और इस तरह के संशोधन संबंधित चर्चा तक दोनों वार्ताओं में नहीं हुई थी। यह संशोधन पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने कहा कि उनके संगठन द्वारा पहले ही इस संबंध में न्यायालय की शरण ली जा चुकी है।

    दो बड़ी वजहों के चलते एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन की नहीं हो सकी व्यवस्था

    विश्वत सूत्रों के मुताबिक शिक्षा मंत्री एवं विभाग चाहते हुए भी दो बड़ी वजहों के कारण एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन हेतु प्रक्रिया लागू नहीं कर सके। पहली वजह हाईकोर्ट द्वारा उन स्कूल्स के विरुद्ध कोई एक्शन नहीं लेने का वो आदेश बना जिसमें कहा गया था कि सत्र के समाप्त होने के समय में शुरू की प्रवेश प्रक्रिया को यदि किन्हीं विद्यालयों द्वारा नहीं मानते हुए प्रवेश नहीं दिए गए हैं तो ऐसे स्कूल्स के विरुद्ध विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। ऐसे में हजारों स्टूडेंट्स के एडमिशंस होने के बाद भी अनेक स्कूल्स द्वारा प्रवेशित नहीं किया गया। चूंकि ये सभी स्टूडेंट्स प्री प्राईमरी की तीनों ही कक्षाओं के थे तो सरकार की मजबूरी थी कि अब इन स्टूडेंट्स को अगली कक्षाओं में प्रवेश देने की व्यवस्था करे। दूसरी वजह लगभग 5 लाख से अधिक संख्या में आनलाईन आवेदन 18 अप्रैल तक हो चुके थे। ये आवेदन प्री प्राईमरी एवं पहली सहित चारों कक्षाओं के लिए किए गए। ऐसे में सरकार व शिक्षा विभाग चाहते हुए भी एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन हेतु प्रक्रिया नहीं बना सका। अलबत्ता उन्होंने गली निकालकर एक रास्ता बनाने की कोशिश जरूर की है, जिसके अंतर्गत पी पी 4+ एवं पी पी 5+ में उसी स्कूल में प्रमोट होने वाले स्टूडेंट्स के आधार पर आरटीई की सीट्स निर्धारित नहीं की जाएगी। इन कक्षाओं में इस सत्र 2023-24 में नवीन प्रवेश लेने वाले नॉन आरटीई के स्टूडेंट्स की संख्या के आधार पर आरटीई की सीट्स का निर्धारण किया जाएगा।

  • आठवीं बोर्ड परीक्षा के 13 लाख विद्यार्थियों का परिणाम जारी होगा इस दिन

    बीकानेर। आठवीं बोर्ड परीक्षा – 2022 – 23 का परिणाम 17 मई 2023 को बीकानेर में शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला द्वारा आनलाइन जारी किया जाएगा। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने यह जानकारी ट्विट करके दी है। मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर 12 बजे निदेशालय स्थित हेरिटेज भवन में आठवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम शिक्षा मंत्री द्वारा जारी किया जाएगा। निदेशक गौरव अग्रवाल के मुताबिक इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला दो स्टूडेंट्स से मोबाइल द्वारा बात भी करेंगे।

  • आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 की लॉटरी 19 मई को, संशोधित टाईम फ्रेम जारी

    अभिभावकों का इंतजार हुआ समाप्त लेकिन स्कूल संचालक अभी भी हैं पशोपेश में

    चार कक्षाओं में प्रवेश हेतु निकाली जाएगी लॉटरी

    बीकानेर। आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 को लेकर जारी सभी कयासों पर संशोधित लॉटरी तारीख निर्धारित कर देने के आदेश जारी होने के साथ ही विराम लग गया है। लॉटरी पर रोक की घोषणा के बाद कयासों की सरगर्मियां परवान पर थीं। अभिभावकों को चिंता सता रही थी कि कहीं प्रवेश प्रक्रिया ही रद्द नहीं हो जाए। कुछ अभिभावक तो मान ही चुके थे कि इस बार आरटीई के अंतर्गत प्रवेश नहीं होंगे। स्कूल संचालक भी लॉटरी पर रोक के साथ ही पशोपेश में आ गए थे। उनका भी असमंजस कुछ हद तक समाप्त हो गया है। स्कूल संचालकों की सबसे बड़ी चिन्ता कितने कक्षाओं में प्रवेश की है। यहां ज्ञानायाम स्पष्ट कर रहा है कि सत्र 2023-24 में पी पी 3+,पी पी 4+, पी पी 5+ एवं पहली कक्षा में प्रवेश होंगे, हालांकि प्रवेश सिस्टम में फेरबदल किए जाने की जानकारी सूत्रों द्वारा हमें मिली है। ज्ञात रहे कि आरटीई के अंतर्गत वर्तमान सत्र 2023-24 की प्रवेश प्रक्रिया की आवेदन करने की अंतिम तारीख 18 अप्रैल 2023 को लॉटरी पर लगाई गई रोक हटा दी गयी है। अब लॉटरी 19 मई को एनआईसी द्वारा निकाली जाएगी। आज शाम को साढ़े छह बजे जारी आदेश में बताया गया है कि कुछ संशोधन के कारण लॉटरी पर रोक लगाई गयी थी। आदेश में बताया गया है कि सत्र 2022-2023 में पूर्व प्राथमिक कक्षाओं में प्रवेश के बावजूद एडमिशन नहीं होने वाले स्टूडेंट्स द्वारा यदि सत्र 2023-24 में दुबारा आवेदन किया गया है तो उन्हें लॉटरी में वरीयता दी जाएगी।

  • आफलाइन स्टडी का भुगतान मिलने और बैरियर्स हटने की जगी आस

    पैपा के साथ हुई वार्ता में निदेशक गौरव अग्रवाल ने दिया आश्वासन

    बीकानेर। आरटीई से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा, गौरव अग्रवाल ने शीघ्र उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है। निदेशक अग्रवाल ने ये आश्वासन प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) के प्रतिनिधि मंडल को एक वार्ता के दौरान दिया है। पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने बताया कि आरटीई संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए बिंदुवार चर्चा निदेशक के साथ हुई। इस दौरान स्टाफ आफिसर अरुण शर्मा एवं आरटीई की प्रभारी अधिकारी चंद्र किरण पंवार भी उपस्थित रहे तथा निदेशक श्री अग्रवाल ने दोनों अधिकारियों से बिंदुवार डिस्कशन भी किया।

    आरटीई के अंतर्गत केवल एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन देने, सत्र 2020-21 के अंतर्गत आफलाइन तरीके से शिक्षण कार्य कराने वाले स्कूल्स को तुरंत भुगतान करने, सत्र 2018-19 तक एवं सत्र 2019-20 के भुगतान के लिए लगाए गए सभी बैरियर्स हटाने, आरटीई शुरू होने से अब तक भुगतान एवं भौतिक सत्यापन अपलोड करने से वंचित स्कूल्स को एक अंतिम अवसर और देने तथा सत्र 2021-22 एवं सत्र 2022-23 का भुगतान तुरंत रिलीज करने संबंधित मांगों पर गंभीर चर्चा की गई। चर्चा के बाद निदेशक श्री अग्रवाल ने आश्वसत किया कि वे सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रूप से सरकार के समक्ष प्रस्ताव शीघ्र से शीघ्र भिजवाने की कार्यवाही करेंगे।

    खैरीवाल ने बताया कि यह वार्ता शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला द्वारा निदेशक अग्रवाल को निर्देशित करने से संभव हो सकी। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर में उनकी अगुवाई में डा. कल्ला से संतोष रंगा, अनुराग हर्ष, मनोज व्यास, अभिजीत व्यास एवं आनंद व्यास मिले और आरटीई संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए पुरजोर मांग की थी। उसी समय शिक्षा मंत्री डॉ कल्ला ने निदेशक को कॉल कर पैपा के प्रतिनिधियों के साथ गंभीर चर्चा के लिए निर्देशित कर दिया। उसके पश्चात हुई वार्ता में खैरीवाल के अतिरिक्त डॉ. अभय सिंह टाक, अभिजीत व्यास, कृष्ण कुमार स्वामी, आनंद व्यास, घनश्याम साध, रमेश बालेचा, रमेश सैनी, रघुनाथ बेनीवाल, विनोद भाटी, राकेश पंवार, गणेश कुमार दुबे, अमजद अब्बासी एवं जितेंद्र बालेचा सम्मिलित रहे। पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने शिक्षा मंत्री डॉ बी डी कल्ला एवं निदेशक गौरव अग्रवाल का आभार व्यक्त किया है।

  • बार बार अनुरोध के बावज़ूद भुगतान नहीं करना सरकार की हठधर्मिता और भेदभाव

    अनूपगढ के प्राईवेट स्कूल्स का प्रतिनिधिमंडल मिला शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला से

    बीकानेर। सत्र 2020-21 के अंतर्गत आफलाइन तरीके से शिक्षण कार्य कराने वाले स्कूल्स की आरटीई की रोकी गई पुनर्भरण राशि शीघ्र से शीघ्र रिलीज करने की मांग को लेकर अनूपगढ़ के प्राईवेट स्कूल्स संचालक शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला से मिलने हेतु बीकानेर आए।

    गैर सरकारी विद्यालय संगठन, श्रीगंगानगर के जिला अध्यक्ष मनसुख सारस्वत एवं पैपा ( प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस, राजस्थान) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल की अगुवाई में शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला को दिए गए एक सूत्री मांगपत्र में बताया गया है कि कोरोना के दौरान राज्य के लगभग सभी स्कूल्स द्वारा स्टूडेंट्स को पढ़ाई कराई गयी थी लेकिन लगभग 10 हजार स्कूल्स को अभी तक भुगतान नहीं मिल सका है अतः इन सभी शिक्षण संस्थाओं के लिए भुगतान तुरंत ही रिलीज कराने की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन में बताया गया है कि इस संबंध में निदेशक, प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान को भी पूर्व में बहुत बार अवगत कराया जा चुका है। आप को भी अनेक मर्तबा अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई भी कार्यवाही नहीं किया जाना सरकार और शिक्षा विभाग का प्राईवेट स्कूल्स के प्रति नकारात्मक नजरिए का द्योतक है। इस मौके पर शिक्षा मंत्री से सत्र 2022-23 के प्रथम किश्त के भुगतान को तुरंत शुरू कराने के लिए भी अनुरोध किया गया। डॉ. कल्ला से मिले प्रतिनिधि मंडल में मनसुख सारस्वत, परमिंदर सिंह, सुरजीत सिंह, प्रदीप कुमार टाक, राज बहादुर सिंह, बूटा सिंह चावला, नवरतन गौड़ कुलवंत सिंह, सुशील भादू, लक्ष्मण राजौरिया, मोहित ढाल, लखवीर सिंह बराड, मनोज दाधीच एवं गिरिराज खैरीवाल सम्मिलित थे।

    अनूपगढ से आए सभी प्राईवेट स्कूल्स के प्रतिनिधियों द्वारा मरूधरा नगर स्थित एक टी शॉप पर लघु बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्राईवेट स्कूल्स की एकता के संबंध में अनेक बिंदुओं पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने एक स्वर में कहा कि प्राइवेट स्कूलों के सामूहिक हितों के लिए बिना किसी पूर्वाग्रह एवं बगैर गुटबाजी के वे सदैव तत्पर रहेंगे। इस दौरान पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, आरटीई के अंतर्गत एंट्री लेवल क्लास संबंधित एवं अन्य अपडेशन बताए।

  • स्काउट व गाइड के मंडल मुख्यालय, बीकानेर ने मनाया विश्व पृथ्वी दिवस

    लगाए परिंडे, आयोजित की संगोष्ठी

    बीकानेर। विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के बीकानेर मंडल मुख्यालय द्वारा स्थानीय संघ गंगाशहर के तत्वावधान में संगोष्ठी एवं परिंडा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय संघ परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पेड़ों एवं मुंडेर पर परिंडे व पालसिए लगाए गए। इस अवसर पर सहायक राज्य संगठन आयुक्त मान महेंद्र सिंह भाटी, वरिष्ठ स्काउटर गौरीशंकर गहलोत, पूर्व मंडल सचिव देवानंद पुरोहित, स्थानीय संघ, बीकानेर के सचिव घनश्याम स्वामी, सी ओ स्काउट जसवंत सिंह राजपुरोहित, सी ओ गाइड ज्योति रानी महात्मा, स्थानीय संघ गंगाशहर के प्रधान भवानीशंकर जोशी, उप प्रधान गिरिराज खैरीवाल व सचिव प्रभुदयाल गहलोत ने पृथ्वी के संरक्षण व पर्यावरण संरक्षण हेतु विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।

    इस दौरान भवानीशंकर राजपुरोहित, राजश्री सुथार सहित अनेक रोवर्स व रेंजर्स उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्थानीय संघ के प्रधान भवानीशंकर जोशी का अभिनंदन उनके बीकानेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष निर्वाचित होने की खुशी में किया गया। इस अवसर सभी मंचस्थ पदाधिकारियों एवं उपस्थित संभागियों को करुणा इंटरनेशनल संस्था की तरफ से पर्यावरण संरक्षण संबंधी साहित्य भेंट किया गया। 

  • शिक्षामंत्री डॉ. कल्ला के बाद निदेशक अग्रवाल ने भी एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन हेतु दी सिद्धांततः सहमति

    निदेशक के साथ स्कूल क्रांति संघ के प्रतिनिधियों की हुई वार्ता रही सार्थक

    जयपुर। आरटीई के अंतर्गत वर्तमान सत्र 2023-24 में केवल एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन के संबंध में शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला के बाद निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा गौरव अग्रवाल ने भी सिद्धांततः सहमति प्रकट की है। निदेशक गौरव अग्रवाल ने 20 अप्रैल 2023 को शिक्षा संकुल में स्कूल क्रांति संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में यह सहमति प्रदान की। उल्लेखनीय है कि शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने 17 अप्रैल 2023 को ही इस संबंध में सहमति दे दी थी। स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा के मुताबिक वार्ता बहुत सकारात्मक और सार्थक रही। उन्होंने बताया कि इस दौरान निदेशक श्री अग्रवाल के साथ लगभग पौन घंटे आरटीई के अंतर्गत मुख्य समस्याओं पर गहन मंथन हुआ। उन्होंने बताया कि निदेशक श्री अग्रवाल ने उपस्थित सभी साथियों के साथ बहुत सहजता से संवाद किया। प्रत्येक प्रतिनिधि की बात गंभीरता से सुनी। भूपेंद्र राजावत और निखिल शर्मा ने प्रभावी तरीके से आरटीई संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव दिए और हेल्दी डिस्कशन किया। सौहार्द व गरिमामयी वातावरण में संपन्न इस वार्ता के परिणाम आगामी तीन चार दिन में आने की पूरी उम्मीद है। सुश्री शर्मा ने शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. कल्ला के निर्देश से ही डायरेक्टर सर के साथ वार्ता संभव हो सकी है। हेमलता शर्मा के अलावा अमित सोगानी (वारेन एकेडमी), मृदुल सिसोदिया (फ्रेम इंटरनेशनल स्कूल), ऊषा शर्मा (एस आर एन स्कूल), ऋषभ गोदिका (एशियन वर्ल्ड स्कूल), भूपेंद्र राजावत (माई अॉवन स्कूल), निखिल शर्मा (केनवर्डस स्कूल), मुकुल गोयल (एस एम एस स्कूल), धरती भारद्वाज (आक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल) इत्यादि इस दौरान उपस्थित रहे।

    19 को होने वाली वार्ता 20 को हो सकी

    17 अप्रैल 2023 को ही शिक्षामंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने निदेशक गौरव अग्रवाल से चर्चा कर 19 अप्रैल 2023 की तारीख इस वार्ता के लिए निर्धारित कर दी थी। निदेशक जयपुर पहुंच भी गए थे, लेकिन 19 अप्रैल को वार्ता नहीं हो सकी। उसके बाद 20 अप्रैल 2023 को सुबह 9 बजे सूचना मिली कि वार्ता शिक्षा संकुल में सुबह 11 बजे आयोजित होगी लेकिन अपरिहार्य कारणों से सुबह वार्ता नहीं हो सकी हालांकि स्कूल क्रांति संघ की 15 जनों की टीम शिक्षा संकुल पहुंच गयी थी। 11:30 बजे सूचना आई कि वार्ता का समय 3 बजे बाद रखा जाएगा। लगभग 4 बजे वार्ता शुरू हुई जो लगभग 45 मिनिट तक चली।

  • नहीं रहे ‘बड़ी मैम’

    बीकानेर। ‘बड़ी मैम’ के नाम से प्रसिद्ध शांता भट्ट का देहावसान 19 अप्रैल 2023 को सुबह 7:30 बजे हो गया। उनकी अंतिम यात्रा उनके द्वारा संस्थापित विद्यालय बाल बाड़ी से दोपहर लगभग 1 बजे रवाना हुई। उनका अंतिम संस्कार नोखा रोड़ स्थित नागरिक सेवा समिति द्वारा संचालित अंत्येष्टि स्थल पर किया गया। उनके पुत्र राजकुमार भट्ट ‘राजू सर’ ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।
    जैसे ही बड़ी मैम के निधन की खबर उपनगरीय क्षेत्र गंगाशहर में फैली, यहां शोक की लहर व्याप्त हो गयी। 94 वर्षीय बड़ी मैम पिछले लगभग छह महीनों से अस्वस्थ चल रही थी। लगभग एक पखवाड़े पहले मैम ने खाना पीना त्याग दिया था। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय द्वारकानाथ भट्ट एवं शांता भट्ट ने 1962 में बाल बाड़ी स्कूल की गंगाशहर में स्थापना की। उन्होंने इतनी मेहनत की कि बाल बाड़ी स्कूल का नाम एक मॉडल के रूप में प्रसिद्ध हो गया। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा जब तक स्कूल की रैंकिग का सिलसिला चला बाल बाड़ी स्कूल की रैंकिंग पहले, दूसरे या तीसरे स्थान पर ही रही।
    प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने बड़ी मैम के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनका जाना अपूरणीय क्षति है। सवाई सिंह राजपुरोहित, सिकंदर यादव, डॉ. अभय सिंह टाक, प्रभुदयाल गहलोत, सूरज रतन तंवर इत्यादि ने भी बड़ी मैम के देहावसान को अपूरणीय क्षति बताया है।

  • स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री शर्मा का हुआ एक्सीडेंट, बाल बाल बची

    स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा की कार 18 अप्रैल 2023 को दोपहर पौने एक बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। मिली जानकारी के मुताबिक वे आरटीई के अंतर्गत सत्र 2022-23 में पूर्व प्राथमिक कक्षाओं में थोपे गए प्रवेशों के संबंध में जयपुर हाइकोर्ट में विचाराधीन केस के संबंध में गयी थीं। लौटते वक्त न्यू सांगानेर रोड़ पर एक पिक अप गाड़ी उनकी कार से सामने से टकरा गयी। उन्होंने और ड्राइवर दोनों ने ही सीट बेल्ट लगा रखा था, इसलिए गंभीर चोटें नहीं आईं। सुश्री हेमलता ने बताया कि उन्हें रिब्स में सूजन आईं है। ड्राईवर पूरी तरह से सुरक्षित है। गाड़ी का बोनट चकनाचूर हो गया है। सुश्री शर्मा ने इस दुर्घटना के बाद ईश्वर का शुक्रिया ज्ञापित किया है।

  • आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर असमंजस

    आरटीई के अंतर्गत 20 अप्रैल 2023 को निकलने वाली लॉटरी स्थगित

    क्या दुबारा जारी होगी प्रवेश प्रक्रिया

    स्कूल क्रांति संघ एवं पैपा ने शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला का जताया आभार

    बीकानेर। आरटीई के अंतर्गत 20 अप्रैल 2023 को निकलने वाली लॉटरी स्थगित कर दी गई है। इस संबंध में अतिरिक्त निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) अशोक कुमार मीणा द्वारा 18 अप्रैल 2023 को आदेश प्रसारित किया गया है। इस आदेश में राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, शिक्षा संकुल, जयपुर के राज्य परियोजना निदेशक को 20 अप्रैल 2023 को आरटीई के अंतर्गत सत्र 2023-24 के प्रवेश हेतु निकलने वाली लॉटरी स्थगित करने हेतु निर्देशित किया गया है। इस आदेश में सत्र 2023-24 की आरटीई की संशोधित प्रवेश प्रक्रिया, दिशा निर्देश एवं टाईम फ्रेम शीघ्र ही जारी किए जाने की बात कही गई है। इस आदेश के जारी होने के बाद प्राईवेट स्कूल्स के संचालकों में ऊहापोह की स्थिति हो गयी है। वे कन्फ्यूज हो गए हैं कि क्या पूरी प्रक्रिया को दुबारा बनाया जाएगा या किन्हीं अपरिहार्य कारणों से ऐसा किया गया है। ज्ञानायाम को अपने विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सत्र 2023-24 में केवल एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन की व्यवस्था लागू करने के लिए ही 20 अप्रैल 2023 को निकलने वाली लॉटरी स्थगित की गयी है। संशोधित दिशा निर्देश व प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही संशोधित टाईम फ्रेम हेतु आगामी एक दो दिन में ही शिक्षा विभाग आवश्यक कार्यवाही संपादित कर लेगा।


    उल्लेखनीय है कि सत्र 2023-24 में आरटीई के अंतर्गत चार कक्षाओं में प्रवेश देने की प्रक्रिया का पुरजोर विरोध करते हुए राज्य के प्राईवेट स्कूल्स के दो संगठनों स्कूल क्रांति संघ एवं पैपा ( प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस) ने शिक्षा मंत्री डॉ बी डी कल्ला से लगातार संपर्क व मुलाकातें कीं, उन्हें मांग पत्र सौंपे। इस गंभीर मुद्दे पर शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला ने दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ 17 अप्रैल 2023 को अपने निवास स्थान पर वार्ता हेतु आमंत्रित कर आश्वस्त किया था कि वे पूर्व की भांति केवल एंट्री लेवल क्लास में ही एडमिशन की व्यवस्था लागू करने की पूरी पूरी कोशिश करेंगे। डॉ. कल्ला ने उसी वक्त निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा गौरव अग्रवाल को कॉल कर इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु कहा था। इस आदेश के जारी होने के बाद स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा एवं पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने इस गंभीर मसले का समाधान कर प्राईवेट स्कूल्स को बड़ी राहत प्रदान की है। हमें उम्मीद है कि शीघ्र ही इस संबंध पूरे स्पष्ट आदेश व गाइडलाइंस जारी कर शिक्षण संस्थानों के संचालकों के असमंजस को दूर किया जाएगा।गौरतलब है कि इस संबंध में 17 अप्रैल 2023 को ज्ञानायाम ने पूरी जानकारी अपने पोर्टल के माध्यम से प्रसारित की थी। इससे पहले ज्ञानायाम ने ही चार कक्षाओं में प्रवेश देने की प्रक्रिया का विरोध करने की जानकारी भी प्रस्तुत की थी। हजारों पाठकों ने दोनों जानकारियों को एप्रीसिएट किया है, इसलिए ज्ञानायाम उनके प्रति आभारी है।

  • आरटीई के अंतर्गत पूर्व की भांति केवल एंट्री लेवल क्लास में ही होंगे प्रवेश

    जयपुर। शिक्षा मंत्री डॉ.बी. कल्ला ने आरटीई से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्राईवेट स्कूल्स के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर वार्ता से हल होने वाली समस्याओं के समाधान हेतु परस्पर समन्वय व सहयोग की अपील की। डॉ कल्ला ने कहा कि प्राईवेट स्कूल्स सरकार व समाज का बहुत बड़ा सहयोग कर रहे हैं। इसलिये इन संस्थाओं की वाजिब समस्याओं के समाधान के लिए वे मिल बैठकर रास्ता निकालना चाहते हैं। 17 अप्रैल 2023 को डॉ. कल्ला के सिविल लाईंस स्थित निवास स्थान पर लगभग 40 मिनिट तक सार्थक चर्चा हुई। उपस्थित प्रत्येक स्कूल प्रतिनिधि की बात को शिक्षा मंत्री ने पूरी शिद्दत के साथ सुना तथा पूरा आश्वासन दिया कि आरटीई के अंतर्गत चार कक्षाओं में प्रवेश देने की प्रक्रिया में संशोधन किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि आरटीई के अंतर्गत पूर्व की भांति एंट्री लेवल कक्षा में ही प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था इसी सत्र 2023-24 से शुरू किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतिनिधि मंडल के समक्ष ही उन्होंने इस संबंध में निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा गौरव अग्रवाल को कॉल कर अवगत भी करा दिया। इस दौरान डॉ. कल्ला ने कहा कि सत्र 2020-21 के अंतर्गत भुगतान से वंचित स्कूल्स को पुनर्भरण करने के लिए तथ्यात्मक टिप्पणी मंगवा ली गई है। शीघ्र ही इस संबंध में भी उचित कार्यवाही की जाएगी।

    स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा एवं प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल की अगुवाई में डॉ. कल्ला से मिले प्रतिनिधि मंडल में सीमा शर्मा (अक्षरधाम स्कूल, जयपुर) अमित सोगानी (वारेन एकेडमी, जयपुर), मृदुल सिसोदिया (फ्रेम इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर), ऊषा शर्मा (एस. आर. एन. इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर), प्रतिमा शर्मा (विद्याश्रम स्कूल, जयपुर), कमल सेठिया (वर्धमान इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर), भूपेंद्र राजावत (माई अॉवन स्कूल, जयपुर), निखिल शर्मा (केनवर्डस पब्लिक स्कूल, जयपुर), ललित बांगा (ध्रुव बाल निकेतन, जयपुर), आयुष बैराठी (एवरशाईन इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर), सन्नी कपूर (मालवीय कान्वेंट स्कूल, जयपुर), धरती भारद्वाज (आक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर) एवं श्री गोयल इत्यादि सम्मिलित थे। उल्लेखनीय है कि उक्त समस्याओं के समाधान के लिए पैपा एवं स्कूल क्रांति संघ द्वारा शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर समाधान हेतु मांग की गई थी। बीती 10 अप्रैल 2023 को इस संबंध में स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा के नेतृत्व में जयपुर के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने शिक्षा मंत्री से मिलकर शीघ्र समाधान के लिए आग्रह किया गया था। इसी तरह से 8 अप्रैल को पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने बीकानेर में डा. कल्ला से इस गंभीर मसले का शीघ्र निराकरण हेतु अनुरोध किया था।

  • आरटीई के अंतर्गत पूर्व की भांति केवल एंट्री लेवल क्लास में ही होंगे

    जयपुर। शिक्षा मंत्री डॉ.बी. कल्ला ने आरटीई से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्राईवेट स्कूल्स के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर वार्ता से हल होने वाली समस्याओं के समाधान हेतु परस्पर समन्वय व सहयोग की अपील की। डॉ कल्ला ने कहा कि प्राईवेट स्कूल्स सरकार व समाज का बहुत बड़ा सहयोग कर रहे हैं। इसलिये इन संस्थाओं की वाजिब समस्याओं के समाधान के लिए वे मिल बैठकर रास्ता निकालना चाहते हैं। 17 अप्रैल 2023 को डॉ. कल्ला के सिविल लाईंस स्थित निवास स्थान पर लगभग 40 मिनिट तक सार्थक चर्चा हुई। उपस्थित प्रत्येक स्कूल प्रतिनिधि की बात को शिक्षा मंत्री ने पूरी शिद्दत के साथ सुना तथा पूरा आश्वासन दिया कि आरटीई के अंतर्गत चार कक्षाओं में प्रवेश देने की प्रक्रिया में संशोधन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरटीई के अंतर्गत पूर्व की भांति एंट्री लेवल कक्षा में ही प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था इसी सत्र 2023-24 से शुरू किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतिनिधि मंडल के समक्ष ही उन्होंने इस संबंध में निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा गौरव अग्रवाल को कॉल कर अवगत भी करा दिया। इस दौरान डॉ. कल्ला ने कहा कि सत्र 2020-21 के अंतर्गत भुगतान से वंचित स्कूल्स को पुनर्भरण करने के लिए तथ्यात्मक टिप्पणी मंगवा ली गई है। शीघ्र ही इस संबंध में भी उचित कार्यवाही की जाएगी।

    स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा एवं प्राईवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल की अगुवाई में डॉ. कल्ला से मिले प्रतिनिधि मंडल में सीमा शर्मा (अक्षरधाम स्कूल, जयपुर) अमित सोगानी (वारेन एकेडमी, जयपुर), मृदुल सिसोदिया (फ्रेम इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर), ऊषा शर्मा (एस. आर. एन. इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर), प्रतिमा शर्मा (विद्याश्रम स्कूल, जयपुर), कमल सेठिया (वर्धमान इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर), भूपेंद्र राजावत (माई अॉवन स्कूल, जयपुर), निखिल शर्मा (केनवर्डस पब्लिक स्कूल, जयपुर), ललित बांगा (ध्रुव बाल निकेतन, जयपुर), आयुष बैराठी (एवरशाईन इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर), सन्नी कपूर (मालवीय कान्वेंट स्कूल, जयपुर), धरती भारद्वाज (आक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर) एवं श्री गोयल इत्यादि सम्मिलित थे। उल्लेखनीय है कि उक्त समस्याओं के समाधान के लिए पैपा एवं स्कूल क्रांति संघ द्वारा शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर समाधान हेतु मांग की गई थी। बीती 10 अप्रैल 2023 को इस संबंध में स्कूल क्रांति संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री हेमलता शर्मा के नेतृत्व में जयपुर के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने शिक्षा मंत्री से मिलकर शीघ्र समाधान के लिए आग्रह किया गया था। इसी तरह से 8 अप्रैल को पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने बीकानेर में डा. कल्ला से इस गंभीर मसले का शीघ्र निराकरण हेतु अनुरोध किया था।

  • डॉ. गौरव बिस्सा की“लाइफ मैनेजमेंट” और “रूल्स ऑफ़ द जॉब”का हुआ लोकार्पण

    आत्मशक्ति, कमिटमेंट, कॉर्पोरेट मैनेजमेंट और व्यक्तित्व विकास के सिद्धांतों को समझाने में कारगर है डॉ. बिस्सा की पुस्तकें : सुभाष स्वामी

    बीकानेर। मैनेजमेंट ट्रेनर, लाइफ स्किल कोच, मोटिवेशनल स्पीकर एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के एसोसिएट प्रोफ़ेसर डॉ. गौरव बिस्सा द्वारा लिखित दो पुस्तकों “लाइफ मैनेजमेंट” और “रूल्स ऑफ़ द जॉब” का विमोचन 16 मार्च 2023 को करणी नगर स्थित आर. एन. आरएसवी स्कूल में हुआ। इस मौके पर आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीएमडी सुभाष स्वामी ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. बिस्सा की पुस्तकें पाठकों को स्वाध्याय हेतु प्रेरित कर उनमें प्रेरणा भरने का अद्भुत काम करती हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पुस्तकों में आत्मशक्ति, कमिटमेंट, कॉर्पोरेट मैनेजमेंट और व्यक्तित्व विकास के सिद्धांतों को रोचक उदाहरणों द्वारा खोजपरक माध्यम से कुशलता से समझाया गया है। विशिष्ट अतिथि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक हरिशंकर आचार्य ने आध्यात्मिक सिद्धांतों को वर्तमान मैनेजमेंट से जोड़ने की कला पर आधारित पुस्तक लाइफ मैनेजमेंट का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया तथा कहा कि जीवन देने का नाम है और यही भारतीय संस्कृति का मूल तत्व है। उन्होंने डॉ. बिस्सा के प्रभावी प्रस्तुतिकरण और कम्यूनिकेशन की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरलतम शब्दों में अपनी बात प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचा देना ही डॉ. बिस्सा के लेखन और व्यक्तित्व की खासियत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. एस.एन. हर्ष ने कहा कि उत्कृष्ट लेखन समाज को दिशा देता है और पुस्तकें भविष्य में मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सिद्ध करती हैं। दोनों पुस्तकों के विविध सेग्मेंट्स का प्रभावी विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए डॉ. हर्ष ने कहा कि बॉस मैनेजमेंट, रिलेशनशिप मैनेजमेंट, नौकरी के नियम और लीडरशिप के गूढ़ सूत्रों को बहुत ही बेहतरीन ढंग से समझाया गया है। इस अवसर पर लेखक डॉ. गौरव बिस्सा ने अपने समूचे लेखन को अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं समाज को समर्पित किया। उन्होंने आभार प्रकट करते हुए कहा कि जीवन में जो कुछ भी प्राप्त होता है, इन्हीं के कृपा और आशीर्वाद की बदौलत होता है। डॉ. बिस्सा ने “रूल्स आफ द जॉब्स” पुस्तक के बारे में बताते हुए कहा कि सम्पूर्ण योगदान देते हुए अपने कार्य को सर्वोत्कृष्ट ढंग से करना ही जॉब का पहला रूल होता है। प्रभावी कम्यूनिकेशन, रिश्तों के प्रति महत्त्व, लीडरशिप डवलपमेंट एवं नैतिक जिम्मेदारियों को इस पुस्तक में उदाहरणों सहित बताया गया है। उन्होंने अपनी दूसरी पुस्तक “लाइफ मैनेजमेंट” के संबंध में बताते हुए कहा कि यह पुस्तक वर्तमान समय में आध्यात्मिक सूत्रों की उपयोगिता की जानकारी प्रदान करती है। आर. एन. आरएसवी के प्रशासक पार्थ मिश्रा, सीईओ आदित्य स्वामी और स्कूल प्राचार्य बिंदु बिश्नोई एवं मंच उद्घोषक डॉ. जय प्रकाश राजपुरोहित को इस दौरान शॉल एवं ममेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. संजू श्रीमाली ने डॉ. गौरव बिस्सा का अभिनंदन किया। डॉ. अमित सांघी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

    इनकी साक्षी में हुआ लोकार्पण

    वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. एल. एन. खत्री, प्रो. शिवराम झाझड़िया, प्रो. आर. के. धूड़ियायएवं प्रो. के. डी. शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति कल्ला, फीजीशियन डॉ. अविनाश कल्ला, सी. ए. वीरेंद्र, हीरालाल तिवारी एवं अंकुश चोपड़ा, शिक्षाविद् गिरिराज खैरीवाल, समाजसेवी मिलाप नारायण चोपड़ा, पत्रकार – लेखक हरीश बी. शर्मा, पत्रकार – शिक्षाविद् डॉ. मुदिता पोपली, विनय थानवी, साहित्यकार ऋतु शर्मा, डॉ. कृष्णा आचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय के व्याख्याता महावीर सिंह पूनिया, समाज सेवी जयपाल भाटी, पत्रकार बृजमोहन आचार्य, समाजसेवी कन्हैयालाल बोथरा, डॉ. नीलम जैन, संजय श्रीमाली, पंकज पारीक, आर. जे. रोहित, विपिन लड्ढा सहित शहर के लगभग 200 गणमान्य जनों की सक्रिय उपस्थिति में विमोचन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

  • 11 अप्रैल को होने वाली 8 वीं सहित सभी बोर्ड परीक्षाएं अब 13 अप्रैल को होंगी

    बीकानेर। राज्य सरकार द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के एच्छिक अवकाश को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिए जाने से 11 अप्रैल 2023 को होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तारीख में परिवर्तन कर दिया गया है। अब ये परीक्षाएं 13 अप्रैल 2023 को होंगी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस संबंध में मुख्य परीक्षा नियंत्रक द्वारा हस्ताक्षरित संशोधन जारी कर दिया है। जारी संशोधन में कहा गया है कि 11 अप्रैल 2023 को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिए जाने से 11 अप्रैल 2023 को होने वाली माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं प्रवेशिका परीक्षाएं 13 अप्रैल 2023 को पूर्व निर्धारित समय प्रातः 8:30 बजे से सुबह 11:45 बजे तक होंगी। इसी तरह पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं, राजस्थान ने भी आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में संशोधन करने की तैयारी कर ली है। मिली जानकारी के मुताबिक थोड़ी ही देर में इस संबंध में विधिवत संशोधन निकलने वाला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आठवीं की परीक्षा भी अब 11 अप्रैल 2023 के स्थान पर 13 अप्रैल 2023 को होंगी। समय दो बजे से साढ़े चार बजे तक ही रहेगा।